एकता कपूर के शो नागिन 6 में नजर आ सकती हैं अभिनेत्री रिद्धिमा पंडित

by sadmin
Spread the love

दक्षिणापथ। जब से लोकप्रिय टीवी धारावाहिक नागिन के छठे सीजन का ऐलान हुआ है, आए दिन इससे जुड़े नए कलाकारों के नाम सामने आ रहे हैं। शो के नए सीजन में मुख्य भूमिका के लिए जहां एक तरफ नियति फतनानी के नाम पर चर्चा हो रही है, वहीं, अब खबर है कि मेकर्स को शो के लिए दूसरी लीड हीरोइन भी मिल गई है। इसमें अभिनेत्री रिद्धिमा पंडित नजर आ सकती हैं।
एक रिपोर्ट के मुताबिक रिद्धिमा पंडित शो की लीड अभिनेत्रियों में से एक होंगी। उन्हें नियति फतनानी के साथ कास्ट कर लिया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि रिद्धिमा का रिश्ता शो की निर्माता एकता कपूर के साथ काफी अच्छा है। एकता हमेशा से रिद्धिमा के काम की प्रशंसक रही हैं। रिद्धिमा को एकता अपने मशहूर धारावाहिक नागिन का हिस्सा बनाने के लिए बेहद उत्साहित हैं।
वैसे अभी तक खुद एकता कपूर ने शो में नियति फतनानी के नाम की पुष्टि नहीं की है। सूत्रों की मानें तो नियति ने नागिन के आगामी सीजन के लिए ऑडिशन दिया था और कहा जा रहा है कि इस सीजन में एकता लीड अभिनेत्री के लिए नियति को साइन करने की इच्छुक हैं। शो के पिछले सीजन के लिए भी उन्हें लेने की चर्चा जोरों पर थी, लेकिन बाद में सुरभि चंदना को शो के लिए फाइनल किया गया।
कुछ समय पहले नागिन 6 में रुबीना दिलैक का नाम भी सामने आया था। खबर थी कि उन्हें शो के नए सीजन का प्रस्ताव दिया गया था। रिपोर्ट में कहा गया कि एकता, रुबीना को नई नागिन बनाना चाहती हैं। जब बिग बॉस 14 में एकता कपूर बतौर गेस्ट पहुंची थीं, तब उन्होंने रुबीना संग काम करने की इच्छा जताई थी। अब रुबीना के साथ मेकर्स की बात क्यों नहीं बनी, फिलहाल इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।
रिद्धिमा ने 2016 में धारावाहिक बहू हमारी रजनीकांत से टीवी की दुनिया में कदम रखा था। इसमें उन्होंने मुख्य भूमिका निभाई थी और शानदार अदाकारी से रिद्धिमा ने दर्शकों के दिलों में अपनी एक खास जगह बनाई थी। इसी धारावाहिक से वह छोटे पर्दे पर लोकप्रिय हुई थीं। उन्हें वेब सीरीज यो कि हुआ ब्रो में देखा गया। रिद्धिमा फीयर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी 9 की सेकेंड रनर अप रहीं। धारावाहिक हैवान: द मॉन्स्टर में रिद्धिमा ने अहम भूमिका निभाई।
टीवी की दुनिया में नागिन एक अलग ही कहानी लेकर आया है। यह शो इतना लोकप्रिय हुआ कि इसके पांच सीजन आ चुके हैं। घर, गृहस्थी, कॉमेडी और लव स्टोरी के बाद एकता एक अलग ही स्टोरी सामने लेकर आईं और दर्शकों को उनका यह प्रयोग अच्छा लगा। नागिन के पहले सीजन में मौनी रॉय ने अहम भूमिका निभाई थी। प्रेम, दुश्मनी और बदले की कहानी के साथ नागिन 5 ने भी दर्शकों को खूब लुभाया।

Related Articles

error: Content is protected !!