भारत ने पहले मैच में कंबोडिया को 2-0 से हराया

by sadmin
Spread the love

भारत ने एशिया कप क्वालिफिकेशन के तीसरे दौर के पहले मैच में बुधवार को कंबोडिया को 2-0 से हराया। दोनों गोल सुनील छेत्री ने किए। 126वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे सुनील छेत्री के इसके साथ अंतरराष्ट्रीय करियर में 81 गोल हो गए हैं। इसके साथ ही वह दुनिया में सर्वाधिक गोल करने वालों की सूची में छठे स्थान पर पहुंच गए हैं। सुनील छेत्री ने 14वें मिनट में पेनाल्टी पर करियर का 80वां गोल दागा। भारत हाफटाइम तक 1-0 से आगे था। साल्ट लेक स्टेडियम में दोनों टीमों के बीच रोचक संघर्ष देखने को मिला। वहीं दूसरे हाफ के 60वें मिनट में सुनील छेत्री ने मैदानी गोल कर भारत को 2-0 की बढ़त दिला दी। एशिया कप फुटबॉल टूर्नामेंट 2023 के अंत में या फिर 2024 की शुरुआत में हो सकता है।

अंतरराष्ट्रीय गोल करने के मामले में पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो 188 मैचों में 117 गोल के साथ पहले स्थान पर हैं। इसके बाद ईरान के अली दई के 149 मैचों में 109 गोल दूसरे, मलयेशिया के मोख्तर दाहरी 142 मैचों में 89 गोल तीसरे, अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी 162 मैचों में 86 गोल चौथे और हंगरी के फेरेंक पुस्कास 85 मैचों में 84 गोल के साथ पांचवें नंबर पर हैं। भारत के सुनील छेत्री 126 मैचों में 81 गोल दागकर छठे नंबर पर पहुंच गए हैं। उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात के अली मबखौत (80 गोल) को पीछे छोड़ा। एशिया कप फाइनल्स में जगह बनाने के लिए भारत का अगला मैच 11 जून को अफगानिस्तान से होगा। वहीं, 14 जून को हांगकांग के साथ भिड़ंत होगी।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!