तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड ने सिडनी में तोड़ा 89 साल पुराना रिकॉर्ड

by sadmin
Spread the love

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की एशेज सीरीज का चौथा टेस्ट सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जा रहा है। मैच के चौथे दिन इंग्लैंड की टीम पहली पारी में 294 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने मुकाबले में 36 रन देकर 4 विकेट चटकाए। उन्होंने बॉक्सिंग डे टेस्ट की दूसरी पारी में भी 7 रन देकर छह विकेट झटके थे। बोलैंड ने अपने डेब्यू टेस्ट में ही 55 रन देकर 7 विकेट हासिल किए थे। सिडनी टेस्ट में चार विकेट चटकाने के साथ ही बोलैंड ने एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

32 साल के तेज गेंदबाज बोलैंड डेब्यू करने के बाद से टेस्ट क्रिकेट की पिछली तीन पारियों में अबतक 31.1 ओवर में 11 विकेट ले चुके हैं। बोलैंड उन गेंदबाजों के बीच सबसे बेहतरीन औसत रखने वाले गेंदबाज बन गए हैं, जिनके विकेटों की संख्या 10 या उससे ज्यादा है। बोलैंड ने इस मामले 89 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा है। पिछले 89 साल से यानी साल 1933 से ये रिकॉर्ड इंग्लैंड के गेंदबाज सीएस मैरियट के नाम जुड़ा था। उन्होंने तब 8.72 की गेंदबाजी औसत से 11 विकेट लिए थे। ये विकेट उन्होंने 1 टेस्ट में फेंकी 247 गेंदों पर 96 रन देते हुए झटके थे।

इस तरह बेहतरीन गेंदबाजी औसत रखने वाले टॉप 5 गेंदबाजों में भारत के अक्षर पटेल भी शामिल हैं। अक्षर 11.86 के गेंदबाजी औसत के साथ टॉप पांच गेंदबाजों में शामिल हैं। भारतीय लेफ्ट आर्म स्पिनर ने इस औसत के साथ पहले 5 टेस्ट की 10 पारियों में 36 विकेट लिए हैं और वे इस लिस्ट में 5वें नंबर पर हैं। उनके अलावा 10.07 की बॉलिंग औसत के साथ इंग्लैंड के एफ. मार्टिन तीसरे और इंग्लैंड के ही जीए लोहमैन 10.75 की बॉलिंग औसत के साथ चौथे नंबर पर हैं। मार्टिन ने 2 टेस्ट की 3 पारियों में 14 और लोहमैन ने 18 टेस्ट में 112 विकेट हासिल किए थे।

 

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!