कोरबा । कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पखनापारा आश्रित ग्राम गंगदेई में पुटू (मशरूम) खाने से एक ही परिवार के सात लोगों की हालत गंभीर हो गई। सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूत्रों ने बताया कि ग्राम पंचायत पखनापारा (गंगदेई) निवासी महेश दास पानिका का 12 वर्षीय पुत्र आदर्श, अपने बाड़ी से पुटू लेकर आया था। ये पुटू पैरा के पास निकला हुआ था, जिसे पैरा पुटू समझकर घर में सब्जी बनाया गया और इसे सभी ने खाया। भोजन के बाद महेश काम पर चला गया और उसका बेटा आदर्श स्कूल चला गया। इधर स्कूल पहुंचने के बाद आदर्श की तबियत बिगडऩे लगी और उसे उल्टी शुरू हो गई। उसकी हालत बिगड़ते देख तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया गया। दूसरी ओर घर के अन्य सदस्यों में भी यही लक्षण उभरा और सभी की तबियत बिगड़ गई। आनन-फानन में सभी को भिलाई बाजार प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया गया। जिसमें महेश दास पनिका, उसकी पत्नी सरोजनी बाई, मां मानकुंवर, भाई जितेंद्र, ऋतु, पुत्र आदर्श और आरव्या को फूड प्वाइजनिंग होना बताया गया। दो बच्चों की स्थिति गंभीर थी, जिनका प्राथमिकता के साथ उपचार किया गया। वर्तमान में सभी की हालात खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
