IRCTC और अवेन्यू सुपर मार्ट के शेयर्स ने भरी निवेशकों की झोली, 5,000 रुपए के करीब पहुंचा भाव

by sadmin
Spread the love

IRCTC और अवेन्यू सुपर मार्ट के शेयर्स ने निवेशकों की झोली भर दी है। दोनों शेयर्स अब 5 हजार रुपए के करीब पहुंच गए हैं। पिछले एक महीने में, एक साल में या फिर जब से इन शेयर्स की लिस्टिंग हुई है, हमेशा इनके शेयर्स तेजी में रहे हैं।

पारस डिफेंस का शेयर गिरावट में

उधर, पिछले 10 दिनों से रोज 5% अपर सर्किट पर बंद हो रहे पारस डिफेंस के शेयर्स में लोअर सर्किट की शुरुआत आज से हो गई है। यह शेयर आज 634 रुपए पर पहुंच गया है। सुबह यह 5% अपर सर्किट के साथ 701 रुपए का अब तक का अपना उच्चतम स्तर तो बनाया, पर उसके बाद पांच मिनट में ही इसमें 5% का लोअर सर्किट लग गया।

668 रुपए पर बंद हुआ था शेयर

सोमवार को यह शेयर 668 रुपए पर बंद हुआ था। एक अक्टूबर को लिस्टिंग के बाद से यह शेयर रोज 5% बढ़ रहा था। 175 रुपए पर इसका IPO आया था। 175 का शेयर 701 रुपए यानी करीबन 4 गुना बढ़ने के बाद अब नीचे की ओर जा रहा है। अपर सर्किट मतलब एक दिन में उससे ज्यादा भाव शेयर का नहीं बढ़ सकता है। लोअर सर्किट मतलब एक दिन में उससे ज्यादा गिरावट नहीं हो सकती है।

475 रुपए पर लिस्ट हुआ था शेयर

पारस डिफेंस का शेयर एक अक्टूबर को 475 रुपए पर लिस्ट हुआ था। उस दिन इसमें 5% का अपर सर्किट लगा और यह 498 रुपए पर बंद हुआ। उसके बाद से हर दिन इसमें 5% का अपर सर्किट लग रहा है। शुक्रवार को यह शेयर 5% बढ़त के साथ 636 रुपए पर बंद हुआ। इसका मार्केट कैप 2,481 करोड़ रुपए रहा।

डीमार्ट का शेयर भी तेजी में

डीमार्ट को चलाने वाली अवेन्यू सुपर मार्ट का शेयर भी तेजी में है। 1 सितंबर को यह शेयर 4,012 रुपए पर था। पिछले साल अक्टूबर में यह शेयर एक साल के निचले स्तर 1,949 रुपए पर चला गया था। तब से अब तक यह 150% बढ़ चुका है। मंगलवार को यह शेयर एक साल के ऊपरी स्तर 4,892 रुपए पर पहुंच गया। एक महीना पहले यह 3,941 रुपए पर कारोबार कर रहा था। इसका मार्केट कैप 3.09 लाख करोड़ रुपए हो गया है।

ग्रॉसरी के कारोबार में है डीमार्ट

प्रसिद्ध निवेशक राधाकृष्ण दमानी की कंपनी अवेन्यू सुपरमार्ट ग्रॉसरी के कारोबार में है। सस्ते दर पर किराना और अन्य सामान देती है। वित्त वर्ष 2020-21 में इस कंपनी का कुल कारोबार 23,787 करोड़ रुपए था। इसे 1,165 करोड़ रुपए का फायदा हुआ था। इसका IPO 299 रुपए पर 2017 में आया था। तब से अब तक इस शेयर ने 14.78 गुना का रिटर्न दिया है।

IRCTC का शेयर 4,827 रुपए पर

IRCTC का शेयर इस समय 4,827 रुपए पर कारोबार कर रहा है। एक महीना पहले यह शेयर 3,310 रुपए पर कारोबार कर रहा था। इसका मार्केट कैप 77,282 करोड़ रुपए है। यह शेयर 14 अक्टूबर 2019 को लिस्ट हुआ था। इसका IPO का भाव 320 रुपए था। तब से अब तक कंपनी ने 13.91 गुना का रिटर्न दिया है। IPO के इतिहास में सबसे बेहतरीन रिटर्न इन दोनों कंपनियों का रहा है।

इस साल बेहतरीन प्रदर्शन

इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) के शेयर ने इस साल बेहतरीन प्रदर्शन किया है। स्वस्तिका इन्वेस्टमार्ट के संतोष मीणा कहते हैं कि IRCTC का शेयर अभी भी तेजी वाले माहौल में है। इस साल में इस शेयर ने अच्छी तेजी दिखाई है। कोविड की वजह से यह कंपनी जबरदस्त प्रदर्शन कर रही है। हर कोई इस शेयर को खरीदना चाहता है। हालांकि यह शेयर लगातार ऊपर की ओर ही जा रहा है।

असेट मोनेटाइजेशन से मिलेगा फायदा

वे कहते हैं कि रेलवे के असेट मोनेटाइजेशन प्लान से इस कंपनी के शेयर को और तेजी मिल सकती है। यह शेयर 5,100 रुपए तक जा सकता है। कोरोना के बावजूद जून तिमाही में IRCTC की आय और मुनाफा दोनों बढ़े। सालाना आधार पर इसका रेवेन्यू 243 करोड़ रुपए रहा है। इसमें सबसे ज्यादा रेवेन्यू इंटरनेट टिकटिंग सेगमेंट से आता है। यह कुल रेवेन्यू के 60% के करीब है।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!