दीपक नगर पहुँचे कलेक्टर, स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में व्यवस्था की ली जानकारी

by sadmin
Spread the love

इंदिरा मार्केट में शेड का काम शीघ्र पूरा करने के निर्देश, नगर में प्रगतिरत कामों का लिया जायजा, तेजी से काम पूरा करने के दिये निर्देश
दुर्ग. दीपक नगर में अंग्रेजी शिक्षा की व्यवस्था के लिए स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल आरंभ किया गया है। आज कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे यहां पहुँचे। उन्होंने बच्चों और शिक्षकों से बातचीत की। जिस समय कलेक्टर पहुँचे, उस समय विज्ञान की कक्षाएं चल रही थीं। कलेक्टर ने बच्चों से पाठ से संबंधित प्रश्न पूछे। उन्होंने बच्चों से पूछा कि इस स्कूल में कैसे लग रहा है। बच्चों ने बताया कि टीचर अच्छे तरीके से हमें पढ़ाती हैं। कलेक्टर ने बच्चों से पाठ पढ़ने के लिए भी कहा। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि स्वामी आत्मानंद इंग्लिश माध्यम स्कूलों को आरंभ करने के पीछे शासन की मंशा है कि हमारे बच्चे जो केवल अंग्रेजी की कमतरी के कारण पीछे रह जाते हैं उन्हें मौका मिल सके। इसके लिए जरूरी है कि बच्चों में अंग्रेजी का शब्दकोष बढ़ाने की दिशा में कार्य करें। बच्चों पर जितनी मेहनत करेंगे, उतना अच्छा आउटपुट इनसे मिलेगा। कलेक्टर ने शिक्षकों से कहा कि आप लोगों से बड़ी उम्मीदें हम सबको हैं खूब मेहनत कीजिए, संसाधनों में किसी तरह की कमी नहीं रहेगी। आयुक्त श्री हरेश मंडावी ने बताया कि एक करोड़ 35 लाख रुपए की लागत से भवन के जीर्णोद्धार एवं अतिरिक्त निर्माण का कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर ने कहा कि इसके लिए बेहतरीन प्लानिंग कीजिए। अच्छी लाइब्रेरी, प्लेकार्नर और अच्छे साइंस लैब होने चाहिए। उन्होंने प्राचार्य से कहा कि अन्य इंग्लिश मीडियम स्कूलों में जो नवाचार किये गये हैं उन्हें यहां भी आरंभ करें। इस दौरान सहायक कलेक्टर श्री हेमंत नदनंवार उपस्थित थे।
इंदिरा मार्केट यूनिशेड का किया अवलोकन, शीघ्र पूरा करने दिये निर्देश-कलेक्टर इंदिरा मार्केट भी पहुँचे। यहां उन्होंने यूनिशेड के कार्य की प्रगति का अवलोकन किया। शेड में ऊपर का कार्य हो चुका है अब नीचे चबूतरों में काम शुरू होगा। कलेक्टर ने शीघ्रताशीघ्र काम पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने यहां साफसफाई आदि की स्थिति का अवलोकन भी किया।
टंकियों का निर्माण शीघ्र पूरा करने के निर्देश- कलेक्टर ने डब्ल्यूटीपी का निरीक्षण भी किया। यहां पर आयुक्त ने उन्हें आटोमेशन सिस्टम दिखाया। आटोमेशन सिस्टम के माध्यम से पेयजल आपूर्ति की पूरी तरह से मानिटरिंग की जाती है। उन्होंने टंकियों का निर्माण तय समयसीमा में पूरा करने निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सबसे प्राथमिक दायित्व है। इसकी निरंतर मानिटरिंग करते रहें। जहां कहीं भी लो प्रेशर या किसी अन्य तरह की शिकायत आती है उसे ठीक करें।
रायपुर नाका अंडरब्रिज का काम देखा- कलेक्टर ने रायपुर नाका अंडरब्रिज का काम भी देखा। उन्होंने कहा कि निगम क्षेत्रों में हो रहे कार्य जितनी शीघ्रता से होंगे, नागरिकों को उतनी ही राहत मिलेगी। साथ ही ट्रैफिक को भी व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। कलेक्टर जवाहर नगर भी पहुँचे। यहां उन्होंने उद्यान का निरीक्षण भी किया। कलेक्टर ने कहा कि सभी उद्यान सुव्यवस्थित हों। झाड़ियां साफ हों। गार्डन की छोटी-छोटी जरूरतों का आकलन कर जोन कमिश्नर इन्हें दुरुस्त करने की कार्रवाई करें।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!