वन होम वन ट्री महा अभियान: सबने रोपी अपने हिस्से की हरियाली, शहर में बिछी हरियाली की चादर

by sadmin

-2 लाख 10 हजार पौधे रोपे गए एक दिन के भीतर
-पर्यावरण को सहेजने उत्साह अतिरेक पर, इस महा अभियान में नहीं रहा कोई भी पीछे, पर्यावरण के महायज्ञ में सबने डाली आहूति
-जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, मीडियाकर्मियों एवं जनसामान्य सबने लगाया पौधा
दक्षिणापथ, दुर्ग।
हरियाली के इतिहास में दुर्ग जिले का नाम आज स्वर्णिम अक्षरों में अंकित हो गया। हर घर में पौधे लगाये गये। सार्वजनिक स्थलों में, औद्योगिक क्षेत्रों में, स्कूलों में, आंगनबाड़ी केंद्रों में हर जगह नन्हे नन्हे पौधे रोपे गये। इस मौके पर मंत्रीगण, विधायकगण, अधिकारीगण, मीडिया के प्रतिनिधि एवं सामाजिक सांस्कृतिक संगठनों के अधिकारियों ने पौधे रोपें। अभियान के दिन दो लाख दस हजार पौधे रोपे गये। अभियान के अवसर पर पीडब्ल्यूडी मंत्री ताम्रध्वज साहू, कृषि एवं जलसंसाधन मंत्री रविंद्र चौबे, पीएचई मंत्री गुरु रुद्र कुमार ने भी पौधे रोपे। इस मौके पर कातुलबोड में हुए आयोजन में दुर्ग विधायक अरुण वोरा ने कहा कि पर्यावरण से जुड़े हुए आयोजनों में लोगों का जिस तरह से उत्साह दिख रहा है उससे लगता है कि अपनी प्रकृति को सहेजने के लिए हम पहले से कहीं अधिक उत्सुक हैं और इसके लिए प्रयत्नशील हैं। पिछले साल भी बड़े पैमाने पर पौधे लगाये गये थे, इसमें से अनेक पौधे इस साल बढ़ गये हैं। यह खुशी की बात है कि अभियान का फोकस वन होम, वन ट्री पर है अर्थात घर में भी हरियाली बहुत जरूरी है। भिलाई विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि हर घर में एक पौधा जरूरी है यह पर्यावरण के प्रति हमारी व्यक्तिगत जिम्मेदारी भी बताता है। हममें से हर कोई यदि अपने हिस्से का पौधा लगाएगा तो हरियाली का दायरा कितना बढ़ जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में पौधरोपण को लेकर बड़ा अभियान चलाया जा रहा है। इस मौके पर दुर्ग महापौर धीरज बाकलीवाल ने भी पौधे रोपे। उन्होंने कहा कि पौधारोपण प्रकृति को सहेजने सबसे बड़ा अभियान है। यह जनभागीदारी से पूरा होता है। आईजी विवेकानंद सिन्हा ने यहां पर पौधरोपण किया। इसके साथ ही कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे, सीसीएफ श्रीमती शालिनी रैना, डीएफओ धम्मशील गणवीर, नगर निगम कमिश्नर भिलाई ऋतुराज रघुवंशी, अपर कलेक्टर सुश्री नूपुर राशि पन्ना, जिला पंचायत सीईओ सच्चिदानंद आलोक ने भी अपने पौधे रोपे। मीडिया के प्रतिनिधियों ने भी पौधे रोपे।
शताब्दी गार्डन में रोपे गए पौधे
शताब्दी गार्डन में भी पौधे रोपे गये। यहां पर कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे, अपर कलेक्टर सुश्री नूपुर राशि पन्ना, अपर कलेक्टर बीबी पंचभाई सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारियों संयुक्त कलेक्टर अरुण वर्मा, सुश्री ज्योति पटेल, प्रवीण वर्मा, सुश्री प्रियंका वर्मा, डिप्टी कलेक्टर खेमलाल वर्मा, जागेश्वर कौशल, सरोज महिलांगे एवं अन्य अधिकारियों ने पौधे रोपे। भिलाई निगम में आयुक्त ऋतुराज रघुवंशी एवं रिसाली निगम में आयुक्त प्रकाश सर्वे ने पौधरोपण किया।
घरों, कार्यालयों में रोपे पौधे
कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने अपने घर में कदंब का पौधा रोपित किया। अधिकारियों ने सिविल लाइन स्थित आवास में पौधे रोपे। इसके साथ ही सभी अधिकारियों ने अपने घरों में भी पौधे रोपे। आंगनबाडिय़ों में विशेष रूप से पौधा रोपित किया गया। सीसीएफ श्रीमती शालिनी रैना एवं डीएफओ धम्मशील गणवीर ने तालपुरी स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क में भी पौधे रोपे।
ब्लाक मुख्यालयों में भी रोपे गए पौधे
जनपद मुख्यालय में अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों ने पौधे रोपे। दुर्ग एसडीएम विनय पोयाम ने बताया कि ब्लाक के सभी कार्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पौधरोपण का कार्य सफलतापूर्वक हुआ। पाटन एसडीएम विपुल गुप्ता ने बताया कि पाटन क्षेत्र में ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में पौधरोपण किया। नगर पंचायत क्षेत्र में भी घरों में और उद्यानों में पौधारोपण किया गया। धमधा एसडीएम बृजेश क्षत्रिय ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्रों सहित सभी महत्वपूर्ण स्थलों पर पौधरोपण हुआ। धमधा इंग्लिश मीडियम स्कूल में ज्वाइंट कलेक्टर सुश्री ज्योति पटेल ने पौधरोपण किया।
दो लाख दस हजार पौधे रोपित किये गये
उद्यानिकी विभाग द्वारा एक लाख अठसठ हजार पौधे वितरित किये गए जिन्हें सभी हितग्राहियों तक पहुंचा दिया गया। इसी तरह वन विभाग की ओर से 42 हजार पौधे वितरित किये गय। धमधा ब्लाक में 75 हजार उद्यानिकी के पौधे लगाये गए। पाटन ब्लाक में 43 हजार फलदार पौधे और दुर्ग ब्लाक में 50 हजार फलदार पौधे रोपित किये गए। आंगनबाडिय़ों में ही दस हजार पौधे रोपे गए।

Related Articles