मोदी सरकार वादों को भूली, 7 वर्षों का कार्यकाल रहा फ्लॉप – कांग्रेस

by sadmin
Spread the love

-दुर्ग जिला कांग्रेस ने मीडिया से चर्चा में मोदी सरकार के कार्यशैली पर उठाए सवाल
दक्षिणापथ, दुर्ग।
दुर्ग जिला कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 7 वर्षों के कार्यकाल को फ्लॉप बताया है। भाजपा ने चुनाव पूर्व अपने संकल्प पत्र में बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन उन वादों को पूरा नहीं कर देश की जनता के साथ बड़ा विश्वासघात किया है। मोदी सरकार से जनता इन 7 वर्षों के कार्यों का जवाब मांग रही है। जवाब देने के बजाय मोदी सरकार गैर जरूरी मुद्दों पर जनता का ध्यान बाँट कर जबरिया वाहवाही लूटने से बाज नहीं आ रही है। जिससे जनता का हित मारा जा रहा हैं। जिसका बड़ा प्रमाण बेरोजगारों को रोजगार का अभाव, अनियंत्रित महंगाई, किसानों का बुराहाल, देश की अर्थव्यवस्था गड़बड़ाई, कोरोना वैक्सीन की कमी के अलावा अन्य मुद्दे हैं। जो जनता में केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ आक्रोश का बड़ा कारण बना हुआ हैं। यह आरोप दुर्ग शहर विधायक अरुण वोरा, पूर्व मंत्री बीडी कुरैशी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राजेन्द्र साहू , जितेंद्र साहू, दुर्ग जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष निर्मल कोसरे, भिलाई जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तुलसी साहू, दुर्ग कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गया पटेल, पूर्व विधायक भजन सिंह निरंकारी, महापौर धीरज बाकलीवाल, सभापति राजेश यादव, दुर्ग शहर मध्य ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अल्ताफ अहमद ने बुधवार को मीडिया से संयुक्त चर्चा में लगाया हैं।

मोदी सरकार ने जन भावनाओं के साथ किया छल -वोरा
चर्चा में दुर्ग शहर विधायक अरुण वोरा ने मोदी सरकार के 7 वर्षों के कार्यकाल को जन भावनाओं के साथ छल करार देते हुए कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ नरेंद्र मोदी को सत्ता सौंपी थी, उस विश्वास पर वे खरे नहीं उतरे हैं। मोदी सरकार ने अपने वादों को पूरा नहीं किया है। काले कृषि कानून से देश का किसान दुखी है। बेरोजगार युवा अपने आप को छला हुआ महसूस कर रहा है। पेट्रोल- डीजल के दाम बढ़ गए हैं। महिलाएं असुरक्षित है। मोदी सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। श्री वोरा ने कहा है कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के कार्यकाल जनता को आज भी याद है। इस कार्यकाल में ऐतिहासिक जन कल्याणकारी कार्य किए गए थे। यूपीए सरकार के कार्यों को छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आगे बढ़ा रहे हैं। भूपेश सरकार ने कोरोना रोकथाम के लिए उचित कदम उठाए। इसका लाभ छत्तीसगढ़ वासियों को मिला है। भूपेश सरकार ने प्रदेश में फ्री कोविड वैक्सीन उपलब्ध करवाए है, वहीं वैक्सीन के लिए विधायकों ने अपने निधि से दो करोड़ की राशि दी है। केंद्र की मोदी सरकार को भी भूपेश सरकार के तर्ज पर कार्य कर जनता को लाभान्वित करना चाहिए।
कोरोना से ज्यादा चुनाव को मोदी सरकार ने दिया महत्व – कुरैशी
पूर्व मंत्री बीडी कुरैशी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने अपने 7 वर्षों के कार्यकाल में लोगों की आजादी की अभिव्यक्ति खत्म कर दी है। जनता से किए वादों को पूरा नहीं किया गया है। पांच राज्यों में चुनाव के चलते कोरोना संक्रमण को महत्व नहीं दिया गया है और लोगों को कोरोना में झोंक दिया। अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की बात पहले ही मान लेते तो देश में कोरोना संक्रमण का विस्तार तेजी से नहीं होता।

6 सौ रू का कोविड वैक्सीन उपलब्ध नहीं करवा पाई केंद्र सरकार – राजेंद्र
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राजेन्द्र साहू ने केंद्र की मोदी सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने दो करोड़ बेरोजगार युवकों को रोजगार देने व गरीब वर्ग के उत्थान के लिए 20 लाख करोड़ का आर्थिक पैकेज देने का वादा किया था, जो वादे आज तक पूरे नहीं किए गए हैं। जो केन्द्र सरकार जनता को 6सौ रू की कोविड वैक्सीन उपलब्ध नहीं करा पाती हैं, ऐसी केंद्र सरकार इन वादों को पूरा करने कहां से साहस जुटा पाएगी। मोदी सरकार के कार्यकाल में जनता का कम अडानी- अंबानी जैसे बड़े उद्योगपतियों का ज्यादा भला हुआ है।
मोदी सरकार के वादे बने सपने – तुलसी
भिलाई जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तुलसी साहू ने वादा पूरा नहीं करने पर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर हल्ला बोलते हुए कहा कि इस सरकार के चुनावी वादे केवल मुंगेरीलाल के हसीन सपने ही साबित हुए हैं। इसका जनता जवाब मांग रही हैं, लेकिन मोदी सरकार अपनी नाकामी छिपाने अलग मुद्दों पर देश का ध्यान बाँट कर जनता को गुमराह कर रही है। जिसे जनता भलीभांति समझतीं है।
सबका साथ सबका विकास का नारा हुआ गलत साबित- कोसरे
दुर्ग जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष निर्मल कोसरे ने कहा कि मोदी सरकार ने सबका साथ-सबका विकास का नारा दिया था, लेकिन किसका विकास हुआ। यह जनता बेहतर जानती है। केंद्र सरकार देशवासियों को कोविड वैक्सीन का लाभ नहीं दिलवा पा रही है। किसान आज भी सड़क पर आंदोलन कर रहे हैं।जो केन्द्र सरकार की विफलता का प्रमाण है।
मोदी सरकार ने की केवल चुनाव की चिंता- धीरज
दुर्ग महापौर धीरज बाकलीवाल व दुर्ग जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गया पटेल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ना ही देशवासियों की और ना ही किसानों की चिंता रही हैं। उन्होंने चिंता की तो केवल चुनाव की। इसलिए वे कोरोना संक्रमणकाल में बंगाल चुनाव में प्रचार के लिए गए। लेकिन उन्होंने कभी आंदोलनरत किसानों से मिलकर उनकी समस्या का समाधान करने के बारे में नहीं सोचा, वहीं कोरोना पीडि़तों की भी सुध नही ली।

Related Articles

error: Content is protected !!