राहुल गांधी ने मोदी सरकार के खिलाफ आवाज उठाई, इसकारण उन्हें परेशान किया जा रहा : सुरजेवाला 

by sadmin
Spread the love

नई दिल्ली । नेशनल हेराल्ड केस में मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मंगलवार को भी ईडी पूछताछ कर रही है। राहुल गांधी से ईडी की पूछताछ के खिलाफ कांग्रेस लगातार मोदी सरकार पर हमलावर है। एक बार फिर से कांग्रेस ने मोदी सरकार और भाजपा पर जबरजस्त तरीके से निशाना साधा। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि मोदी सरकार व बीजेपी राहुल जी व कांग्रेस से इसकारण डर गई है, क्योंकि जब चीन ने हमारे जमीन पर कब्ज़ा किया और हमारे जवान शहीद हुए तब पीएम ने सर्वदलीय बैठक में कहा कि हमारे यहां न कोई घुसा और न कोई आया है, तब राहुल जी ने इस झूठ को घेरा और देश के लिए आवाज उठाई।
सुरजेवाला ने कहा कि महंगाई से हो रही जनता की बदहाली पर राहुल गांधी ने लगातार सरकार को घेरा है, सरकार के पास इसका जवाब नहीं, इसकारण मोदी सरकार को राहुल गांधी से परेशानी है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर मोदी सरकार या बीजेपी के निशाने पर राहुल गांधी जी और कांग्रेस क्यों है?, ईडी की कार्रवाई क्या जनता के मुद्दे उठाने वाली मुखर आवाज को दबाने का षड्यंत्र हैं? केवल राहुल गांधी जी पर इतने हमलावर क्यों हैं? इन सवालों का जवाब देश को जानना जरूरी है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि यह हमला उस निर्भीक आवाज पर है। जनता के मुद्दों पर है। बेरोजगारों, गरीबों, छोटे दुकानदारों व व्यापारियों, मध्यम वर्ग व नौकरीपेशा, महिलाओं, दलितों, पिछड़ों व आदिवासियों के अधिकारों व संविधान से जुड़े सवालों पर है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा सत्ता की एजेंसियों के डर से कितने ही लोगों ने समझौता कर, माफीनामा देकर भाजपा में प्रवेश कर लिया। अब वहां दूध के धुले हो गए हैं। कितनों ने घुटने टेक दिए। लेकिन राहुल गांधी ही हैं, जिन्होंने सरकार की आँख में आँख डालकर जनता के सवाल उठाए हैं।पीएम मोदी पर हमला करते हुए सुरजेवाला ने कहा कि प्रधानमंत्री जी कभी प्राइवेट कंपनियों के नुमाइंदे बनाकर फ्रांस में राफेल का ठेका दिलवाते हैं, तब कभी श्रीलंका में बिजली का ठेका देने का दबाव डालते हैं। राहुल गांधी ने मुट्ठीभर उद्योगपतियों और मोदी सरकार के गठजोड़ को बेनकाब किया।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!