अपर्णा के भाजपा जाने पर अखिलेश ने दी बधाई, बोले, ‘सपा विचारधारा का होगा विस्तार’

by sadmin
Spread the love

लखनऊ | समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपर्णा यादव के भाजपा में जाने की बधाई दी और कहा कि वहां भी समाजवादी विचारधारा का विस्तार हो रहा है। लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बुधवार को जब पत्रकारों ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपर्णा यादव को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि नेता जी (मुलायम सिंह यादव) ने बहुत कोशिश की समझाने की लेकिन नहीं मानी। उन्होंने कहा कि मैं उन्हें (अपर्णा यादव) बधाई दूंगा और हमें खुशी है कि हमारी समाजवादी विचारधारा का विस्तार हो रहा है। मुझे उम्मीद है कि हमारी विचारधारा वहां पहुंचकर संविधान और लोकतंत्र को बचाने का काम करेगी।

अखिलेश यादव ने चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि आजमगढ़ की जनता से अनुमति लेकर ही चुनाव लड़ूंगा, क्योंकि वहां से सांसद हूं। किस सीट से चुनाव लड़ूंगा यह अभी तय नहीं है। टिकट वितरण के सवाल पर कहा कि टिकट वहां की जनता की रिपोर्ट और समीकरण के हिसाब से दिया जा रहा है जिन लोगों को जोड़ा है वे जनाधार वाले नेता हैं।

उन्होंने कहा कि गठबंधन में सभी को टिकट मिल पाना संभव नहीं है। इसलिए गठबंधन धर्म का पालन होना चाहिए। अगर सपा के कुछ लोग भाजपा के टच में हैं तो भाजपा के लोग भी अभी सपा के टच में हैं।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में समाजवादी पेंशन योजना फिर से शुरू किया जाएगा और इसके अंतर्गत जरूरतमंद महिलाओं और बीपीएल परिवारों को प्रति वर्ष 18,000 रुपये पेंशन देने का काम किया जाएगा। इससे पहले 6000 रुपये दिया जाता था। इस योजना का लाभ महिलाओं व बहनों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि सपा के घोषणा पत्र में महिलाओं, बहनों व बेटियों के लिए कई योजनाएं शामिल की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि सपा हमेशा सभी को साथ लेकर चलती है। हमने ललितपुर में जनजातियों का विकास किया। लखनऊ में पीजीआई के पास सपेरे रहते थे। उनके परिवारों को लोहिया आवास और पेंशन दिया गया। कन्नौज में भी सपेरे परिवार को मदद दी। सरकार बनी तो एक्सप्रेस वे के पास स्नेक चार्मर्स विलेज बनेगा। इसी तरह अन्य जातियों का भी विकास करेंगे।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!