कमलनाथ के चचेरे भाई-भाभी का मर्डर:

by sadmin

कमलनाथ के चचेरे भाई-भाभी का मर्डर:

UP के ग्रेटर नोएडा में बुजुर्ग दंपती की गला दबाकर हत्या, पैसों के विवाद में मर्डर का शक

पुलिस को घर से शराब और खाने-पीने का सामान मिला है। शक है कि पार्टी के बाद सुमन और नरेंद्र नाथ की हत्या की गई है।

ग्रेटर नोएडा में गुरुवार रात बुजुर्ग दंपती की गला दबाकर हत्या कर दी गई। यह हत्याकांड बीटा-2 थाना एरिया के अल्फा-2 सेक्टर में हुआ। यहां के मकान नंबर I-24 में 74 साल के नरेंद्र नाथ पत्नी सुमन के साथ रहते थे। मौके पर मौजूद नरेंद्र के बेटे रोहित ने बताया कि वह मध्यप्रदेश के पूर्व CM कमलनाथ के चचेरे भाई थे। कमलनाथ के करीबी कांग्रेस नेता मनोज राजानी ने भी इसकी पुष्टि की है।

पड़ोसियों ने शुक्रवार सुबह नरेंद्र नाथ का शव बेसमेंट में पड़ा देखा। सुमन का शव उनके कमरे में मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को खबर दी। पुलिस के मुताबिक, दोनों की हत्या पैसे के विवाद में किए जाने का शक है।

बेटी को फोन पर बताया था- कुछ लोग आए हैं

नरेंद्र नाथ का बेटा रोहित पत्नी निधि के साथ ग्रेटर नोएडा में ही अलग रहता है। बेटी सोनू अपने परिवार के साथ दिल्ली के सरिता विहार में रहती है। रात में नरेंद्र नाथ कुछ करीबियों के साथ घर में थे। रात करीब 11 बजे सुमन ने अपनी बेटी सोनू और दामाद को फोन पर बताया था कि कुछ लोग आए हैं। नीचे पार्टी चल रही है। तब बेटी ने मां से कमरे में ही रहने के लिए कहा था।

इसी दौरान बदमाशों ने नरेंद्र और सुमन की हत्या कर दी। सुमन की ज्वेलरी भी गायब है। नरेंद्र का शव कपड़े में लिपटा मिला है। उनके हाथ-पैर बंधे हुए थे।

सुमन नाथ योग टीचर थीं और फ्री में लोगों को योग सिखाती थीं।

घर में सामान बिखरा मिला, अलमारी भी खुली थी

डबल मर्डर की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी जांच में लगाया गया। ग्रेटर नोएडा के DCP राजेश सिंह ने बताया कि सुमन नाथ और उनके पति नरेंद्र की गला दबाकर हत्या की गई है।

जांच में पता चला है कि रात में घर पर पार्टी हुई थी। मौके से शराब की बोतलें और खाने-पीने का सामान मिला है। पुलिस को शक है कि पार्टी के बाद दोनों की हत्या की गई है। घर का सामान बिखरा हुआ था। अलमारी भी खुली हुई थी।

पुलिस का दावा- लूटपाट के सबूत नहीं

DCP राजेश सिंह ने बताया कि नरेंद्र नाथ ने कई लोगों को ब्याज पर रुपए दिए थे। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि उनके कारोबारी रिश्तों में तनाव चल रहा था। इस पूरे मामले में लूटपाट की बात सामने नहीं आई है। जानने वाले लोग ही घर में घुसे थे। घर में जबरन घुसने का कोई सबूत नहीं मिला है। किसी तरह की तोड़फोड़ भी नहीं हुई है।

उन्होंने बताया कि सुमन नाथ के फोन में एक रिकॉर्डिंग मिली है। उन्होंने यह फोन अपने दामाद को किया था। इसमें उन्होंने कहा है कि नीचे पार्टी चल रही है। कुछ लोग घर आए हैं और शराब पी रहे हैं। उन्होंने ऐसा करने के लिए मना भी किया था।

नरेंद्र नाथ ग्रेटर नोएडा के अल्फा-2 सेक्टर में पत्नी के साथ रहते थे।

ऑटो पाट्‌र्स का कारोबार था, बंद हुआ तो शुरू किया ब्याज पर पैसे देने का काम

यह जानकारी भी सामने आ रही है कि नरेंद्र नाथ का पहले ऑटो पार्ट्स का कारोबार था। इसके बंद होने के बाद से वह ब्याज पर पैसे देने का काम करते थे। सुमन योग टीचर थीं और मुफ्त में लोगों को योग सिखाती थीं।

फिलहाल पुलिस घर के आसपास लगे CCTV फुटेज देख रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई है। हत्यारों को पकड़ने के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं।

Related Articles

Leave a Comment