बीजापुर में सुरक्षाबलों व नक्सलियों के बीच मुठभेड़, एक नक्सली ढेर…. एके-47 राइफल बरामद

by shorgul
Spread the love

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों व नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की खबर है। मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। बताया जा रहा है यहां के बंदेपारा के जंगलों में सुरक्षाबलों व नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक नक्सली ढेर हो गया है। मौके पर सुरक्षाबलों ने एक एके-47 राइफल बरामद किया है। आईजी बस्तर पी सुंदरराज ने मुठभेड़ की पुष्टि की है।

मिली जानकारी के अनुसार बीजापुर जिले मद्देड़ थाना क्षेत्र कोरंजेड व बंदेपारा के जंगल में मद्देड़ एरिया कमेटी प्रभारी डीवीसीएम नागेश, सचिव एसीएम बुच्चन्ना,एसीएम विश्वनाथ व अन्य 15 से 20 सशस्त्र नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली। सूचना पर बीजापुर से डीआरजी, बस्तर फाइटर, एसटीएफ व सीआरपीएफ 170 बटालियन की संयुक्त टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी। मंगलवार की सुबह सर्चिंग के दौरान बंदेपारा के जंगल में पुलिस व नक्सलियों की बीच मुठभेड़ हो गई।

मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों को भारी पड़ता देखा नक्सली वहां से भाग गए। इसके बाद सर्चिंग में पुलिस को मुठभेड़ स्थल से एक नक्सली का शव और एक एके 47 रायफल मिला है। मुठभेड़ में मारे गये माओवादी की पहचान मद्देड़ एरिया कमिटी प्रभारी डीव्हीसीएम नागेश पदम के रूप में की गई। पुलिस के अनुसार नक्सली कोरंजेड व बंदेपारा के जंगल में कैम्प लगाये हुए थे। फिलहाल सुरक्षाबलों द्वारा मुठभेड़ स्थल के आसपास सर्चिंग की जा रही है।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!