रायपुर। राजधानी के गुढ़ियारी पड़ाव में आज से आंरभ हुए अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के प्रवचन में शामिल होने लिए प्रदेश के कोने-कोने से भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। गुढ़ियारी पड़ाव पहुंचने के सभी रास्तों पर पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई है। इसके बाद भी हर रास्ते पर जाम लग रहा है और आम लोगों को रास्ता बदलकर आना-जाना पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि आयोजकों ने इसमें 5 लाख से अधिक लोगों के जुटने का दावा किया है, जिसका सीधा असर शहर के यातायात पर पड़ेगा। होटलों में भी प्रदेश के बाहर के लोगों ने पहले से बुकिंग करा ली है।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए यातायात पुलिस को काफी जद्दोजहद करनी पड़ रही है। “जनजागरुकता” की टीम ने कार्यक्रम प्रारंभ होने से पहले आयोजन स्थल तक पहुंचने की कोशिश की लेकिन खमतराई ओव्हरब्रिज के आगे टीम नहीं बढ़ सकी और आधे रास्ते से टीम को लौटना पड़ा। कार्यक्रम से जुड़े लोगों के अनुसार सुबह 8 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर 50 फीसदी स्थान भर चुके थे। पार्किंग स्थल की भी यही स्थिति थी और हर तरफ गाड़ियां ही गाड़ियां नजर आ रही थीं।
वीआईपी सीट भी उपलब्ध, आरती का प्रति युगल 11 हजार और प्रसाद के 5100 रुपए

इस कार्यक्रम से जुड़े एक शख्स ने मौके से बताया कि पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा के बाद आयोजन में होने वाली विशेष आरती में शामिल होने के लिए भक्तों के लिए रजिस्ट्रेशन फीस निर्धारित की गई है। इसमें प्रति युगल 11 हजार जमा कराने होंगे।
वहीं कथा के बाद मिलने वाले प्रसाद के लिए भी 5100 रुपए जमा करने होंगे, इसके बाद ही प्रसाद मिल सकेगा। इसके लिए लाइन में काफी भीड़ थी, सुबह 11 बजे तक कई भक्तों का रजिस्ट्रेशन नहीं हो पाया था। पंडाल में वीआईपी सीट भी लगाई गई है, जहां प्रवेश के लिए विशेष दरवाजे लगाए गए हैं।
घरों में कैद हुए गिढ़ियारी के आसपास के लोग
गुढ़ियारी पड़ाव के आसपास की कॉलोनी शिवानंद नगर और आसपास के अन्य क्षेत्रों के रहवासियों ने बताया कि 9 नवंबर की सुबह से कार्य पर जाने के लिए निकलते वक्त काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यहां तक कि चारपहिया धारकों को मना कर दिया गया, केवल दुपहिया आवागमन की अनुमति दी गई। ऐसे में कई लोगों ने “जनजागरुकता” से सवाल उठाया कि आपात स्थिति में एंबुलेंस वाहन के आने-जाने के लिए क्या व्यवस्था होगी ? यहां तक कई लोगों ने भीड़ को देखते हुए अपने कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं।
शहर के होटल-लॉज बुक, ई-रिक्शा चालकों की चांदी
कार्यक्रम के लिए शहर के अधिकांश होटलों में काफी अधिक बुकिंग आने वाले 3 दिनों के लिए कर ली गई है जहां प्रदेश से ही नहीं अन्य प्रदेशों से भी उपासक आकर ठहरे हैं। ये सभी भक्त पं. प्रदीप मिश्रा के कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पहुंचे हैं। बताया गया है कि पार्किंग से कार्यक्रम स्थल तक भक्तों को पहुंचाने के लिए ई-रिक्शा को अनुमति दी गई, जिससे शहर के 50 फीसदी ई-रिक्शा चालकों को काम मिल गया है। आयोजकों ने इन्हें बुक कर लिया है और इसके अलावा भी आटो वालों को खासी सवारियां मिलने की खबरें भी हैं।
