रायपुर। भाजपा रायपुर शहर जिला द्वारा जिला अध्यक्ष जयंती भाई पटेल के नेतृत्व में नगर निगम महापौर एजाज ढेबर के भ्रष्टाचार के खिलाफ तेलीबांधा से लेकर वीआईपी चौक तक प्रदर्शन किया गया। उल्लेखनीय है कि महापौर एजाज ढेबर व नगर निगम द्वारा मनमाने ढंग से किए जा रहे निर्माण की दीवार को भाजपा ने “वॉल ऑफ करप्शन” का नाम दिया है।
भाजपा ने कहा है कि रायपुर नगर निगम अंतर्गत तेलीबांधा क्षेत्र में नगर निगम द्वारा स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट फंड के माध्यम से सड़क डिवाइडर में सौंदर्यीकरण का कार्य करवाया जा रहा है। इसका आधे से अधिक कार्य पूर्ण हो चुका है परंतु इसमें स्पष्टतया भ्रष्टाचार तब उजागर हुआ जब कुछ दिन पूर्व निगम द्वारा इसका टेंडर जारी किया गया। भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में तेलीबांधा चौक पहुंचे जहां से माना विमानतल पहुंच मुख्य चौराहे तक पैदल मार्च करते हुए महापौर और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की । सभी ने हाथों में वॉल ऑफ करप्शन की तख्तियां ले रखी थी। महापौर एजाज ढेबर के खिलाफ नारे लगाते हुए भाजपा कार्यकर्ता तेलीबांधा चौक से VIP रोड चौक तक पैदल गए। वहां निगम द्वारा लगाए गए स्वागत संदेश बोर्ड और मुख्यमंत्री के चित्र के सामने भी जमकर नारेबाजी की ।
भ्रष्टाचार का खुला खेल… बिना टेंडर के कैसे हो गया निर्माण ?
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि यह न केवल स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के पैसों का दुरुपयोग है अपितु खुला भ्रष्टाचार है। ऐसा कैसे संभव है कि किसी कार्य का टेंडर जारी हुए बिना ही काम चालू हो गया और आधे से अधिक बन भी गया। इस पर निगम के जोन कमिशनर गैर जिम्मेदाराना बयान जारी करते हैं कि नहीं मालूम कौन यह कार्य करवा रहा है, रोकने पर भी नहीं मान रहा है।
भाजपा रायपुर शहर जिला अध्यक्ष जयंती भाई पटेल ने कहा कि स्मार्ट सिटी प्रॉजेक्ट के माध्यम से किये जा रहे सौंदर्यीकरण में महापौर एजाज ढेबर मनमाने ढंग से द स्पष्ट भ्रष्टाचार किया जा रहा है । निगम अधिकारी और महापौर को स्मार्ट सिटी फंड की मलाई खाने की इतनी जल्दबाजी है कि काम का आबंटन पहले कर दिया जाता है और टैंडर बाद में जारी होता है यह पूरा खेल कमीशन का है कांग्रेस के कलेक्शन का है यह ऐसी गड़बड़ी है जिसमें सुधार या किसी बहाने की गुंजाइश भी नही ।
7 करोड़ का वॉटर फाउंटेन चंद दिनों में बंद हो गया-संजय श्रीवास्तव
प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने कहा कि संभवतः इस तरह का प्रत्यक्ष भ्रष्टाचार पहली बार नहीं हुआ, जब से एजाज ढेबर महापौर बने हैं उनका इस तरह के कृत्य से गहरा नाता रहा है। प्रदेश और नगर निगम दोनों में भ्रष्टाचार का स्तर बेलगाम हो चुका है। देवेंद्र नगर में भी पहले इस तरह का कार्य किया जा चुका है। नगर निगम द्वारा 7 करोड़ का वॉटर फाउंटेन लगाया जाता है जो चंद दिनों में बंद हो जाता है और फिर पुनः चालू ही नहीं होता। चौक चौराहों पर चकाचौंध लाइट लगाना ही इनका स्मार्ट सिटी मानक है पर अब महापौर जो स्वयं जांच के दायरे में हैं, इस टेंडर को निरस्त करना ही होगा अन्यथा हम इस स्पष्ट भ्रष्टाचार को लेकर सीधी लड़ाई लड़ने तैयार हैं। भाजपा नेताओं ने कहा कि इस सरकार और उनके उच्च अधिकारियों पर अब भरोसा नहीं रह गया है। भाजपा इस मामले को लेकर कानून का दरवाजा खटखटाएगी।
ये भी शामिल थे आंदोलन में
आंदोलन में केदारनाथ गुप्ता, प्रफुल्ल विश्वकर्मा, राजीव अग्रवाल, अमित चिमनानी, महामंत्री ओंकार बैस, अकबर अली, हरीश सिंह, संजय तिवारी, वंदना राठौड, आशु चंद्रवंशी, बजरंग खण्डेलवाल, सूर्यकांत राठौर, गोपी साहू, राजेश पांडेय, जीतेंद्र गोलछा , गुंजन प्रजापति, गोविंदा गुप्ता, नवीन जैन सहित बड़ी संख्या में जिले एवं मंडल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
