श्री शिव महापुराण कथा स्थल तक पहुंचने पुलिस की चौकस व्यवस्था, अलग-अलग मार्गों से आने वाले वाहनों की निर्धारित की गई पार्किंग

by sadmin
Spread the love

रायपुर। राजधानी के दही हांडी गुढ़ियारी पड़ाव में 9 नंवबर से आयोजित होने जा रहे पंडित प्रदीप मिश्रा के श्री शिव महापुराण कथा के मददेनजर पुलिस की चाक चौकस व्यवस्था की गई है। वहीं यातायात विभाग ने आयोजक के साथ मिलकर आने वाले लोगों के वाहन की पार्किग व्यवस्था की है ताकि यातायात को बाधित होने से रोका जा सके। पुलिस ने बताया कि कार्यक्रम स्थल से 500 मीटर के दायरे में चार पहिया वाहनों का प्रवेश निषेध किया गया है। 

कथा आयोजन समिति ने कार पार्किंग स्थल से कार्यक्रम स्थल तक ई-रिक्शा की व्यवस्था की है। आयोजन को लेकर गुढ़ियारी के व्यापारियों ने सहयोग का आश्वासन दिया है।

पुलिस ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा (सीहोर वाले) का श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन दही हांडी मैदान, हनुमान मंदिर, श्रीनगर रोड गुढ़ियारी, रायपुर में 9 नवंबर से 13 नवंबर तक आयोजित है। कार्यक्रम में पूरे छत्तीसगढ़ सहित देशभर से लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस रायपुर द्वारा सुगम पार्किंग व्यवस्था की गई है।

ये है पार्किंग की व्यवस्था

दुर्ग-भिलाई-राजनांदगांवः इस ओर से आने वाले श्रद्धालु टाटीबंध चौक से होते हुए होटल पिकाडली के बाजू से कोटा रोड में विवेकानंद विद्यापीठ के सामने बनाए गए कार पार्किंग में अपना वाहन पार्क कर सकेंगे।

कांकेर-धमतरी-राजिमः इस ओर से आने वाले श्रद्धालु पचपेड़ी नाका चौक से रिंग रोड नंबर 1 होते हुए टाटीबंध चौक, होटल पिकाडली के बाजू से कोटा रोड में विवेकानंद विद्यापीठ के सामने बनाए गए कार पार्किंग में अपना वाहन पार्क कर पाएंगे।

आरंग-महासमुंदः इस ओर से आने वाले श्रद्धालु तेलीबांधा- आनंद नगर चौक, केनाल रोड, मरही माता चौक, फाफाडीह चौक, बिलासपुर रोड, खमतराई ओवर ब्रिज के नीचे होते हुए डब्ल्यूआरएस दशहरा मैदान में बनाए गए कार पार्किंग में वाहन पार्क करने की सविधा दी गई है।

साजा-बेरला-उरलाः इस ओर से आने वाले श्रद्धालु रिंग रोड नंबर 2 रिलायंस पेट्रोल पंप चौक से होते हुए गोंडवारा मार्ग-ओवरब्रिज की बांई ओर रास्ते से गुढ़ियारी मार्ग, अंबेडकर चौक से पहले चिरकुटी माता मंदिर के सामने बनाए गए कार पार्किंग में अपने वाहन पार्क सकते हैं।

बिलासपुर-सिमगा-धरसींवाः इस ओर से आने वाले श्रद्धालु भनपुरी तिराहा, खमतराई, बाजार, खमतराई ब्रिज से यू टर्न लेकर डब्ल्यूआरएस दशहरा मैदान में बनाए गए कार पार्किंग में अपने वाहन पार्क कर सकेंगे।

दो पहिया वाहनः इसके लिए पार्किंग व्यवस्था के तहत बाइक में आने वाले श्रद्धालु कार्यक्रम स्थल के पास मारुति मंगलम भवन के किनारे बनाए गए दो पहिया पार्किंग में अपना वाहन पार्क करें।

चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

कार्यक्रम स्थल के आसपास श्रद्धालुओं की भीड़ की संभावना को देखते हुए ..इन स्थानों पर पार्किंग प्रतिबंध किया गया है-

श्रीनगर रेलवे क्रॉसिंग चौक (पैराडाइज होटल) से कार्यक्रम स्थल की ओर एवं गुढ़ियारी की ओर से अंबेडकर चौक, गुढ़ियारी पड़ाव एवं स्टेशन चौक (नर्मदा पारा अंडर ब्रिज मार्ग) के पास से कार्यक्रम स्थल की ओर चार पहिया वाहन का प्रवेश निषेध किया गया है। गुढ़ियारी क्षेत्र के व्यापारियों ने सुबह से लेकर शाम 7 बजे तक लोडिंग-अनलोडिंग नहीं करने का आश्वासन दिया है ताकि आवागमन बाधित ना हो।

पुलिस की अपील

यातायात पुलिस रायपुर सभी श्रद्धालुजनों से अपील की है कि निर्धारित पार्किंग स्थलों में अपना वाहन पार्क कर सुगम, सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में सहभागी बनें। कथा स्थल के आसपास के रहने वाले आमजन कृपया परिवर्तित मार्ग का उपयोग करें व भीड़-भाड़ से बचें।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!