यूपी में कार ट्रेलर से भिड़ी, बिलासपुर के कारोबारी सहित 3 की मौत

by sadmin
Spread the love

बिलासपुर। यूपी के प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर हंडिया के पास हुए सड़क हादसे में बिलासपुर के कारोबारी सहित 3 लोगों की मौत हो गई। घटना में व्यवसायी, उनके चचेरे भाई और पुजारी की मौत होने की खबर है जबकि चालक की हालत गंभीर बनी हुई है।

दरअसल व्यवसायी अपने बड़े भाई का अस्थि विसर्जन कर चचेरे भाई, पुजारी और चालक के साथ लौट रहे थे तभी उनकी तेज रफ्तार कार हाईवे किनारे खड़े ट्रेलर से जा भीड़ी। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए। बिलासपुर के कोटा में रहने वाले संजय गुप्ता के बड़े भाई संदीप गुप्ता का बीते गुरुवार को निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार करने के बाद तीसरे दिन संजय गुप्ता अपने भाई की अस्थियां लेकर विसर्जन करने प्रयागराज गए थे। हादसे की जानकारी मिलते ही घबराए परिजन सोमवार की सुबह प्रयागराज पहुंचे। तीनों शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिजन कोटा के लिए निकल गए हैं। मंगलवार की सुबह संजय और चचेरे भाई सौरभ का अंतिम संस्कार कोटा में किया जाएगा जबकि पुरोहित श्याम दीक्षित की अंत्येष्टि चकरभाठा में होगी।

कार चालक हरेंद्र को भर्ती कर उपचार किया जा रहा

संजय के साथ उनका चचेरा भाई सौरभ गुप्ता उर्फ सोनू, चकरभाठा निवासी उनके गुरु पुरोहित श्याम दीक्षित और रायपुर निवासी ड्राइवर हरेंद्र गंधर्व भी थे। कार को ड्राइवर हरेंद्र चला रहा था। रविवार की सुबह प्रयागराज पहुंचने के बाद उन्होंने गंगा नदी में अस्थि विसर्जन किया। उनके पुरोहित और गुरु ने पिंडदान कराया। क्रियाकर्म कराने के बाद शाम को सभी कार से लौट रहे थे। प्रयागराज से 40 किमी दूर प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर हंडिया के पास उनकी तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़ी ट्रेलर से जा टकराई। हादसे में कार सवार चारों बुरी तरह से घायल हो गए। इस दौरान पुरोहित श्याम दीक्षित की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस से हंडिया के सरकारी अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायल संजय गुप्ता, चचेरे भाई सौरभ और ड्राइवर हरेंद्र को गंभीर हालत में प्रयागराज स्थित एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान सौरभ गुप्ता की मौत हो गई। अस्पताल में इलाज के दौरान सोमवार की सुबह करीब 11 बजे संजय गुप्ता ने भी दम तोड़ दिया। वहीं कार चालक हरेंद्र को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!