रायपुर। व्यापमं द्वारा एसआई भर्ती परीक्षा स्थगित किए जाने से नाराज परीक्षार्थियों ने रविवार को सड़क पर उतर कर प्रदर्शन किया। वहीं कालादिवस मनाया। शहर के बूढ़ातालाब र्स्पोट्स काम्पलेक्स धरना स्थल पर नाराजगी जाहिर करते हुए प्रदर्शनकारियों ने बताया कि आज के दिन लिखित परीक्षा होनी थी जो स्थगित कर दी गई। इस दौरान परीक्षार्थियों ने चेतावनी दी है कि 10 दिन के अंदर परीक्षा को लेकर फैसला नहीं लिया गया तो परीक्षार्थी एकजुट होकर उग्र प्रदर्शन करेंगे।

बता दें कि व्यावसायिक परीक्षा मंडल ने अपरिहार्य कारण बताकर परीक्षा को 4 वर्ष पहले स्थगित कर दी थी। उसके बाद 2 वर्ष कोविड के चलते निरंक रह गया। परीक्षार्थियों ने कहा कि 2021 में शैक्षणिक गतिविधि के गति में आने के बाद लगा कि जल्द परीक्षा हो जाएगी पर ऐसा नहीं हुआ। इस वर्ष अधिक उम्मीद थी क्योंकि सभी चीजें खुल चुकी है। पर इस वर्ष भी परीक्षा को लेकर लापरवाही बरती जा रही है।
युवाओं ने कहा इसी तरह पीएससी भर्ती परीक्षा भी नहीं हो रही है। परीक्षार्थियों का कहना है कि चार वर्ष का समय काफी होता है। अन्य राज्यों में परीक्षार्थी नौकरी पर आ गए हैं। एसआई परीक्षा में चयन होने के बाद भी व्यवस्था का हिस्सा नहीं बन पा रहे हैं। वहीं एक परीक्षार्थी को परीक्षा की तैयारी में कोचिंग, परीक्षा सहित रूम रेंट सहित अन्य काम में पैसा खर्च करना पड़ता है।
