बकायेदारों पर सख्त हुआ बिजली विभाग, एक ही दिन में 279 बकायेदारों की बिजली काटी, 178 से वसूले 36 लाख रुपए

by sadmin
Spread the love

दुर्ग – छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, दुर्ग क्षेत्र के मुख्य अभियंता एम.जामुलकर ने आदेश जारी कर बकायेदारों से सख्ती से बकाया वसूली अभियान शुरु कर दिया है। इसी कड़ी में दुर्ग विद्युत क्षेत्र के अंतर्गत विभागीय संभाग बेमेतरा एवं साजा में एक ही दिन में 178 बकायेदार उपभोक्ताओं से 36 लाख 19 हजार रुपए की वसूली की गई। समझाइश के बाद भी बिजली बिल का भुगतान नहीं करने वाले 279 बकायेदारों की बिजली लाईन काट दी गई।
अधीक्षण अभियंता ए.के.गौराहा ने बताया कि विद्युत कंपनी द्वारा बकायेदार उपभोक्ताओं पर की जा रही कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में गैरघरेलू एवं औद्योगिक कनेक्शनों के बकायेदारों के साथ ही घरेलू श्रेणी के बकायेदारों पर कनेक्षन काटने एवं बकाया वसूली की कार्रवाई की जा रही है। श्री गौराहा ने बताया कि बिजली बिल देयको के भुगतान में विलंब होने पर उपभोक्ताओं को बार-बार ध्यान आकृष्ठ कराया जा रहा है, जिससे वे देयक समय पर जमा कर देवें। मैदानी अधिकारी एवं उनकी टीम बकायेदार उपभोक्ताओं के पास स्वयं पहुंचकर उनसे बिजली बिल जमा करने का अनुरोध कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, दुर्ग क्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री एम.जामुलकर ने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि समय पर बिजली बिल का भुगतान करें एवं अप्रिय विद्युत विच्छेदन की कार्यवाही से बचें। उन्होंने कहा कि दो महिने से अधिक बकाया राशि होने पर उपभोक्ताओं को शासन द्वारा हाफ बिजली बिल योजना के तहत बिजली बिल देयक में मिलने वाले छूट का लाभ नहीं मिल पाता, जिससे उपभोक्ताओं को नुकसान होता है। अतः उपभोक्ताओं से अपील है कि नियत समय पर बिजली बिल जमा कर शासन द्वारा बिजली बिल में दी जा रही छूट का भी लाभ उठावें।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!