जनता और महिलाएं सरकार का विकल्प भाजपा में देख रही- रमन सिंह

by sadmin
Spread the love

रायपुर। प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा द्वारा 11 नवंबर को बिलासपुर में आयोजित महतारी हुंकार रैली के मद्देनजर भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, भाजपा सहप्रभारी नितिन नबीन, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, महामंत्री संगठन पवन साय, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत सहित वरिष्ठ नेताओं  की उपस्थिति में रणनीतिक बैठक हुई।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि महिला मोर्चा की रैली छत्तीसगढ़ का वातावरण परिवर्तित कर देगी। आम जनता और महिलाएं इस  सरकार का विकल्प भाजपा में देख रही हैं। उन्होंने नारा दिया- माता बहनों की हुंकार, गद्दी छोड़ो भूपेश सरकार। उन्होंने कहा कि माताओं बहनों की पुकार आ रही है कि भूपेश बघेल गरीब के हिस्से का कमीशन खा रहे हैं, उनके कार्यकाल में वे प्रधानमंत्री आवास के पैसे से दूसरे राज्यों में चुनाव करवा रहे हैं। रेडी टू ईट मामलों में छत्तीसगढ़ की बहनों के पैसे अपने व्यापारिक मित्रों को दे रहे हैं।  उन्होंने महिला मोर्चा से आह्वान किया कि कांग्रेस के घोषणा पत्र को लेकर बहनों के पास जाइए और उनके प्रश्न भूपेश से पूछिए। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि भूपेश बघेलजी  सवाल तो पूछे जाएंगे, आपको जवाब देना पड़ेगा। सच्चाई यह है कि भूपेश सरकार मुद्दों से भाग रही है । 

छत्तीसगढ़ सहप्रभारी नितिन नबीन ने  महिला मोर्चा की प्रशंसा करते हुए कहा कि आपने जमीन से जुड़कर जो कार्य प्रारंभ किया है, वह प्रशंसनीय है। अब ध्यान रखें कि जब सफर प्रारंभ हुआ है तो उसे अंजाम तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आप  प्रदेश की आधी आबादी की समस्याओं की  वकील बनकर न्यायधानी में आंदोलन कर रही है और सबसे महत्वपूर्ण बात है कि आप शासक वर्ग के खिलाफ खड़ी हो रही है। उन्होंने कहा कि आप सबका साथ लेकर, सबके विश्वास के लिए, सम्मिलित प्रयास से जो आंदोलन कर रही हैं, निःसंदेह यह भविष्य में सभी महिलाओं के  विकास की नींव साबित होगी।

बैठक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव ने प्रत्येक जिले के महिला मोर्चा, भाजपा जिलाध्यक्ष व प्रभारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की।  साव ने कहा कि जो कांग्रेस गंगा मैया का सम्मान नहीं कर सकता वह छत्तीसगढ़ की माताओं की सम्मान क्या खाक करेगी। उन्होंने कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि नवा छत्तीसगढ़ कहकर भूपेश बघेल ने प्रदेश को अपराध का गढ़ बना दिया है। अरुण साव ने बताया कि प्रदेश की महिलाओं की आवाज को बुलंद करने राष्ट्रीय कैबिनेट मंत्री स्मृति ईरानी और राष्ट्रीय महिला मोर्चा अध्यक्ष वानाथी श्रीनिवासन भी शामिल होंगी।

बैठक में महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने कहा कि किसी सरकार की समीक्षा करने के लिए 4 वर्ष पर्याप्त होते हैं। कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर विफल है परंतु इस सरकार से सबसे ज्यादा प्रदेश की महिलाएं दुखी हैं। 11 नवंबर को प्रदेश की महिलाएं अपने आक्रोश की अभिव्यक्ति के लिए न्यायधानी में जुटेंगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के महतारी अपने अधिकार के लिए हुंकार को तैयार है और यह इतिहास है कि मातृशक्ति के जागरण से ही युग परिवर्तन होता है।

बैठक में ये भी मौजूद थे

बैठक में महिला मोर्चा प्रदेश प्रभारी लता उसेंडी, सहप्रभारी उषा टावरी, भाजपा प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा, ओपी चौधरी, केदार कश्यप, संभाग प्रभारी जिला अध्यक्ष व जिला प्रभारी मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन महिला मोर्चा महामंत्री विभा अवस्थी व आभार चंपादेवी पावले ने किया।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!