छत्तीसगढ़ में तीसरी बार राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का होगा भव्य आयोजन

by sadmin
Spread the love

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के गठन को आगामी 1 नवम्बर को 22 साल पूरे हो जाएंगे। इस मौके पर 23वें राज्य स्थापना दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इसके साथ ही सीएम भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की आदिवासी संस्कृति और सभ्यता को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की कवायद में तीसरी बार राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है।

राज्य स्थापना दिवस के साथ ही राज्य का अंलकरण समारोह व राष्ट्रीय  आदिवासी नृत्य महोत्सव का गरिमामय आयोजन 1 से 3 नवम्बर तक राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में होगा। भूपेश बघेल की पहल पर राज्य की ओर से मंत्री, संसदीय सचिव, विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधि देश के सभी राज्यों के सीएम, मंत्री, जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने पहुंच रहे हैं। राज्योत्सव एवं राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के लिए आमंत्रण की कड़ी में 20 अक्टूबर को राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत को आमंत्रित करने विधायक अनिता योगेन्द्र शर्मा और डॉ. लक्ष्मी ध्रुव पहुंचीं। उन्होंने  गहलोत से मुलाकात कर उन्हें छत्तीसगढ़ की आदिवासी कलाकृति भेंट करते हुए महोत्सव में सम्मिलित होने आमंत्रित किया।

वहीं असम के सीएम डॉ. हिमन्त बिश्वशर्मा से मुलाकात कर संसदीय सचिव पारसनाथ राजवाड़े ने आमंत्रित किया। झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन से विधायक खेलसाय सिंह एवं संसदीय सचिव रश्मि आशीष सिंह ने मुलाकात की। उन्होंने सीएम सोरेन को रायपुर में आयोजित  हो रहे तृतीय राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में शामिल होने के लिए सीएम भूपेश बघेल की ओर से निमंत्रण पत्र दिया। पुद्दूचेरी के सीएम एन रंगास्वामी से संसदीय सचिव इन्द्रशाह मंडावी एवं विधायक  दलेश्वर साहू ने मुलाकात कर आमंत्रण पत्र सौंपा। साथ ही सिक्किम के लोक निर्माण एवं संस्कृति मंत्री संदूप लेपचा को आमंत्रित करने पहुंचे संसदीय सचिव कुंवरसिंह निषाद एवं विधायक भुनेश्वर बघेल ने आमंत्रण पत्र और आदिवासी कलाकृति भेंट की। विधायक सत्यनारायण शर्मा ने लक्षद्वीप के प्रशासक के प्रतिनिधि से मुलाकात कर उन्हें आमंत्रण पत्र सौंपा।

 

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!