भिलाई । स्कूल में शिक्षक खई कमी होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसकी शिकायत जनदर्शन में जिला कलक्टर से की गई है। छावनी के आत्मानंद अंग्रेजी विद्यालय में लगभग तीन महीने से कोई शिक्षक तैनात नहीं है। शिक्षा विभाग की लापरवाही के कारण विद्यालय में नामांकित लगभग 400 बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कल्याण सेवा जनजागृति संगठन के प्रदेशाध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता सुमन शील के नेतृत्व में संगठन का एक प्रतिनिधि दल कलेक्टर जनदर्शन में दुर्ग जिला कलेक्टर तथा जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि बच्चों के अंधकारमय भविष्य को बचाने के लिए यथाशीघ्र स्कूल में शिक्षक अथवा शिक्षिका को तैनात कर बच्चों की पढ़ाई शुरू की जाए। सुमन शील ने ज्ञापन में बताया है कि सरकारी स्कूलों में शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने को लेकर सरकार कई उपाय कर रही है लेकिन सच्चाई यह है कि स्कूल का ढांचा चरमराता दिख रहा है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि छावनी के आत्मानंद अंग्रेजी प्राथमिक स्कूल में लगभग 3 महीने से शिक्षकों के अभाव में क्लास 1 से लेकर क्लास 8 तक के लगभग 400 बच्चों का भविष्य ही संकट में फंस गया है।
आत्मानंद अंग्रेजी माध्यमिक स्कूल छावनी में कक्षा आठवीं तक पढ़ने के लिए बच्चों का लॉटरी निकाल कर प्रवेश दिलाया गया है, जिसमें अधिकतर बच्चे दूसरे स्कूलों से टीसी निकालकर स्कूलों में जमा तक करवा दिए हैं। परंतु कक्षा आठवीं तक शिक्षकों की कमी के चलते पढ़ाई प्रभावित हो रही है।कुल मिलाकर छावनी का आत्मानंद अंग्रेजी में विद्यालय राम भरोसे चल रहा हैं । इस विद्यालय पर तीन महीने से लगभग कोई भी शिक्षक यहां कक्षा में पढ़ाने के लिए तैनात नहीं है और पढ़ने जाने वाले बच्चे शिक्षक के अभाव में घूमकर चले जाते हैं और घर में रहकर अपना समय व्यतीत कर रहे हैं । ज्ञापन सौंपने वालों में श्रीमती सुमित्रा मांझी , अवतार सिंह , राजू गुप्ता , बबलू गुप्ता सहित बच्चों के पालक उपस्थित रहे हैं । जिला कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा ने कहा कि जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी।
