बलौदाबाजार को मिलेंगी गढ़कलेवा एवं आडिटोरियम की सौगात

by sadmin
Spread the love

कलेक्टर रजत बंसल के निर्देश पर जिला मुख्यालय को 15 दिनों के भीतर दो बड़ी सौगातें मिलने जा रही हैं। पहली सौगात के रूप में ग्रामीण यंत्रिकी सेवा विभाग द्वारा बनाए जा रहे 9 लाख 20 हजार रुपए के गढ़कलेवा एवं दूसरी लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाए जा रहे लगभग 5 करोड़ रुपए के अत्याधुनिक आडिटोरियम शामिल हैं। आडिटोरियम के सुचारू संचालन एवं रखरखाव के लिए कलेक्टर रजत बंसल ने एसडीएम बलौदाबाजार को समिति बनाने के निर्देश दिए हैं। दोनों के प्रारंभ होने से जिला मुख्यालय की सुंदरता बढ़ने के साथ ही सुविधाओं में विस्तार एवं नगर को एक नई पहचान मिलेगी। दोनों कार्य लगभग पूर्ण होने के करीब हैं। आने वाले दिनों में इसका विधिवत शुभारंभ होगा। 

बस स्टैंड के नजदीक मेन रोड पर बन रहा गढ़कलेवा

नगर के बस स्टैंड के नजदीक मेन रोड पर लगभग 3 हजार वर्गफीट में बन रहा गढ़कलेवा अब छतीसगढ़ी व्यजंनों का नया ठिकाना होगा। यहां सभी प्रकार के छतीसगढ़ी व्यजंन जैसे चीला, फरा, ठेठरी, खुरमी,अरसा, चौसेला, तसमई, भोजन थाली, करी लड्डू, सोहांरी सहित अन्य विविध प्रकार के व्यंजन मिलेंगे। इसके साथ आइस्क्रीम भी मिलेगी। आने वाले ग्राहकों के लिए दो प्रकार की बैठक व्यवस्था रहेगी। पहला आउटडोर एवं दूसरा इनडोर, जहां  ग्राहक पसंदीदा व्यंजनों का लुफ्त उठा सकेंगे। उक्त गढ़कलेवा का संचालन महिला स्व सहायता समूहों द्वारा किया जाएगा। उक्त स्थान पर पार्किंग की भी समुचित व्यवस्था रहेगी। 

अंबेडकर चौक के पास बन रहा आडिटोरियम

नगर के रायपुर रोड पर स्थित अंबेडकर चौक के पास बन रहे आडिटोरियम शहर की एक नई पहचान होगी। उक्त आडिटोरियम जिले का सबसे बड़ा आडिटोरियम होगा। लम्बे समय से जिलेवासियों की महत्वपूर्ण मांगों में ये शामिल थे। उक्त आडिटोरियम में 1 हजार लोगों की बैठने की क्षमता होगी जो कि पूर्णतः वातानुकूलित होगा। आडिटोरियम में 2 वीआईपी कक्ष, डायनिंग हॉल सहित फायर फाइटिंग सिस्टम से लैस हैं जिसका उपयोग जिलेवासी एवं सामाजिक संगठन आने वाले समय में विभिन्न कार्यक्रमों के लिए उपयोग कर सकते हैं। 

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!