सरकार का प्रयास लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना – मंत्री गुरु रूद्रकुमार

by sadmin
Spread the love

रायपुर. लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं ग्रामोद्योग मंत्री गुरु रूद्रकुमार ने आज दुर्ग जिले के ग्राम मोरिद में साहू समाज भवन और आंगनबाड़ी भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने साहू समाज को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि एकता में बल है, आज इस बात को साहू समाज पूर्ण रूप से सिद्ध कर रहा है। इसी भांति सभी समाज और वर्ग के लोगों को भी एकता के मूल मंत्र को अपनाना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि बुनियादी सुविधाएं सभी का हक है। इसलिए उसे पूरा करने का प्रयास राज्य सरकार द्वारा किया जाता है। ग्राम मोरिद अहिवारा के अंतिम छोर पर है। फिर भी यहां पर शिक्षा व स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को हमने प्राथमिकता में रखा है।
मंत्री गुरु रुद्रकुमार ने कहा कि हमारी मंशा है कि गांव का समुचित विकास हो और लोगों का राज्य शासन के प्रति विश्वास बना रहे। इस अवसर पर उन्होंने भिलाई-चरोदा निगम के नवनिर्वाचित महापौर एवं सभापति को भी बधाई दी और उन्हें विकास के रथ को सभी के साथ मिलजुल कर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने की बात कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप समावेशी विकास का लाभ इस क्षेत्र को भी हमेशा से मिलता रहा है और यह विकास की प्रक्रिया आगे भी निरंतर जारी रहेगी। विकास की कड़ी में मोरिद ग्राम में कभी भी कोई कमी नहीं आएगी। मंत्री गुरू रूद्रकुमार ने अधोसंरचना राशि से भवन निर्माण, सड़क निर्माण, तालाब में पचरी और युवा खिलाड़ियों के लिए मैदान के समतलीकरण की बात भी कही। उन्होंने बताया कि 30 मार्च से ग्रामवासियों को पर्याप्त पेयजल मुहैया कराया जाएगा और मोरिद जलाशय से जलापूर्ति के लिए 4 करोड़ रूपए की स्वीकृति मिल गई है और कार्य भी शीघ्र प्रारंभ हो जाएगा। इस अवसर पर भिलाई-चरोदा के महापौर श्री निर्मल कोसरे, सभापति श्री कृष्णा चंद्राकर, तहसील अध्यक्ष साहू समाज श्री चंद्रभूषण साहू, श्री कृष्ण चंद्राकर, श्री दीपक साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि व ग्रामवासी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!