दुर्ग शहर लिख रहा विकास की नई इबारत

जनता उत्साहित, निगम की सक्रियता रफ्तार पर

दक्षिणापथ, दुर्ग। दुर्ग नगर निगम के युवा महापौर धीरज बाकलीवाल ने सुबह सायकल से घूम घूमकर शहर की समस्या क्या देखना शुरू किया सभी वार्ड पार्षद भी जनसरोकार के प्रति सचेत हो गए। बताया जा रहा है कि प्रदेश के कई युवा नेतृत्व भी सुबह सायकल यात्रा कर वार्ड की समस्याओं से रूबरू होने लगे है। दुर्ग महापौर का यह अभिनव प्रयास शहर के विकास की नई इबारत लिख रहा है। वे न सिर्फ समस्याओं को समझ रहे बल्कि आमजनों से मुलाकात कर उनकी तकलीफें पूछ रहे हैं, और मौके पर निराकरण का प्रयत्न भी कर रहे हैं।
महापौर श्री बाकलीवाल की अगुवाई में कांग्रेस के युवा पार्षदों ने जनविकास के नये अध्याय को अपना मिशन बना लिया है। देखा गया है कि परोपकार की भावना मनुष्य को नई शक्ति देता है। तब उसके मस्तिष्क में कुछ नया कर गुजरने के विचार आंदोलित होते है। सर्जना की यह भावना अन्य साथियों को अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए प्रेरणा व ऊर्जा प्रदान करता है।

निगम के जनप्रतिनिधियों की यह सक्रियता ऐसा ही आभास दिला रहा है। शहर की तीन लाख आबादी ने जिन्हें शहर विकास की महती जिम्मेदारी सौपी है, उन्हें अपने बीच कार्य करते देख लोग अभिभूत है। अन्यथा पहले की व्हीआईपी कल्चर से लोग निराशा महसूस करने लगे थे। ऐसा लगता था, मानो शहर की सरकार आम लोगो से बहुत दूर है। सत्ता बदलने पर भी लोगो में उम्मीद नही जागती थी। बेशक यह लोकतांत्रिक मूल्यों के क्षरण की कड़ी थी। पर अब युवा महापौर धीरज बाकलीवाल की कार्यशैली ने आम लोगो मे विकास की नई ललक पैदा की है, और इसके दूरगामी परिणामो में सत्ता के प्रति जनआस्था मजबूत होती है। जब महापौर धीरज बाकलीवाल ने नया नया कार्यभार संभाला, तो अनुभव की कमी के अलावा विपक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि वे नगर विधायक के ही प्रतिनिधि बतौर काम करेंगे। किंतु समय के साथ युवा महापौर ने दिखा दिया कि प्रतिछाया से परे उनमें शहर विकास का जज्बा व विजन है।

अपनी टीम का सही नेतृत्व करने का माद्दा है। लक्ष्य के प्रति ईमानदार सकारात्मक सोच है। पिछले डेढ़ दशको में विकास की पटरी से उतर चुके दुर्ग शहर को चहुँमुखी विकास की राह में फिर से ले जाने का कार्य दुष्कर भले था, पर रास्ते बंद नही हुए थे, रास्ते की कठिनाइयों को शनैःशनैः पार कर जनाकांक्षाओं पर खरे उतरने का सफर आरम्भ हुआ, तो सबका सहयोग भी मिलने लगा। अब दुर्ग नगर निगम दुर्ग को सपनों का शहर बनाने प्रतिबद्धता से आगे बढ़ रहा है। लोगो मे विश्वास की समीचीन लहर पैदा हुई है। शहर सिर्फ सत्ता की बदौलत आगे नही बढ़ता, बल्कि समग्र नागरिक सहभागिता, समेकित दृष्टिकोण, चतुर्दिक जनसद्भावना और विकास के प्रति अक्षुण्णता उसे परिपूर्णता प्रदान करता है। महापौर धीरज बाकलीवाल के नेतृत्व में दुर्ग नगर निगम इसी विकासपरक नजरिए से आगे बढ़ रहा है।

Related Articles