योगा और मार्निंग वाक करने वाले को दिये जाएंगे पौधे, रामायण मंडलियाँ भी देंगी सहभागिता

by sadmin

कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने दिये निर्देश, कहा कि हरियाली को बढ़ाने का अभियान सर्वोपरि, जन सहभागिता से करें कार्य

समाज के सभी वर्गों से की अपील, 6 जुलाई को वन होम वन ट्री अभियान को सफल बनाने में लगाएं पूरी ऊर्जा
दक्षिणापथ, दुर्ग।
हरियाली का दायरा बढ़ाने की अहम कोशिश के चलते इस साल भी वन होम वन ट्री अभियान चलाया जा रहा है। इसे नवाचारी ढंग से बढ़ाने के लिए भी इस बार भी अलग तरह से कोशिश की जाएगी। निगम का अमला सुबह सुबह मार्निंग वाक एवं योग के लिए जुटे लोगों के पास जाएगा और उनसे पेौधरोपण की अपील करेगा, साथ ही पौधे भी वितरित करेगा। मानसगान गाने वाली मंडलियां तथा इस तरह की सांस्कृतिक सामाजिक संस्थाओं की सहभागिता भी ली जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि जो लोग पर्यावरण के प्रति सजग हैं उन्हें जोडऩे की कोशिश करें। सामाजिक संस्थाओं की सहभागिता सबसे जरूरी है। हम हरियाली का दायरा जितना बढ़ाएंगे, उतना ही पर्यावरण प्रदूषित होने से बचेगा और लोगों की लाइफस्टाईल बेहतर होगी। कलेक्टर ने निगम अमले से आईईसी अभियान के तहत हरियाली रथ चलाने के निर्देश भी दिये। हरियाली रथ में पौधे भी होंगे और पर्यावरण जागरूकता का संदेश भी होगा। कलेक्टर ने फलदार पौधों के वितरण के निर्देश भी अधिकारियों को दिये। उन्होंने पपीता तथा मुनगा के पौधे वितरित करने पर विशेष जोर दिया। कलेक्टर ने कहा कि मुनगा जैसे पौधे पिछले बार आंगनबाडिय़ों में वितरित किये गये थे। इस बार वो काफी बढ़ गये हैं। ये कुपोषण दूर करने में अहम भूमिका निभाते हैं। बैठक में नगर निगम कमिश्नर भिलाई ऋतुराज रघुवंशी, अपर कलेक्टर सुश्री नूपुर राशि पन्ना, जिला पंचायत सीईओ सच्चिदानंद आलोक, रिसाली कमिश्नर प्रकाश सर्वे, अपर कलेक्टर बीबी पंचभाई सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
फेसबुक लाइव के माध्यम से डीएफओ बताएंगे कैसे लगाएं पौधा
कलेक्टर ने कहा कि कई बार सही तरह से पौधा नहीं लगाने की वजह से भी पौधे सरवाइव नहीं कर पाते। ऐसी स्थिति में उपयुक्त तरीके से पौधे लगाने से इनकी उत्तरजीविता की संभावना काफी बढ़ जाती है। डीएफओ धम्मशील गणवीर फेसबुक लाइव के माध्यम से इसे बताएंगे। साथ ही उद्यानिकी अधिकारी भी फलदार पौधों के लाभ तथा इन्हें लगाने और सहेजने के तरीकों के बारे में जानकारी फेसबुक लाइव के माध्यम से देंगे।
औद्योगिक क्षेत्रों में और बैंक शाखाओं में भी लगेंगे पौधे
कलेक्टर ने औद्योगिक क्षेत्रों और बैंक शाखाओं में भी पौधे लगाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि यह बड़ा कार्य है अधिकारी इसकी मानिटरिंग करें। जनता की सहभागिता बेहद जरूरी है। निगम अमले को इसके लिए विशेष रूप से कार्य करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी बड़े पैमाने पर पौधरोपण का कार्य करें। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के लिए पौधे उपलब्ध हैं और वार्ड वार इसके वितरण का कार्य किया जाएगा।

Related Articles