स्वामी आत्मानंद मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना अंतर्गत छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 2022 वार्षिक बोर्ड परीक्षा 10वीं और 12वीं प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में आज समारोह हुआ। जहां सीएम भूपेश बघेल ने अपने निवास परिसर में मैडल और प्रशस्तिपत्र प्रदान कर विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया।
इन्हें मिला स्वर्ण पदक
सम्मानित विद्यार्थियों में 12वीं की टॉपर रायगढ़ जिले की कुन्ती साव को स्वर्ण पदक और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली बिलासपुर जिले की खुशबू वाधवानी को रजत पदक से सम्मानित किया। वहीं कक्षा 10वीं की प्रावीण्य सूची में संयुक्त रूप से टॉपर रायगढ़ की सुमन पटेल और कांकेर की सुनाली बाला को स्वर्ण पदक तथा द्वितीय स्थान प्राप्त कबीरधाम जिले पंकज कुमार साहू को रजत पदक प्रदान किया।
डेढ़-डेढ़ लाख की प्रोत्साहन राशि खाते में ट्रांसफर
समारोह में सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को डेढ़-डेढ़ लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। सीएम भूपेश बघेल ने समारोह में प्रोत्साहन राशि को मेधावी छात्र-छात्राओं के बैंक खाते आरटीजीएस के माध्यम से ट्रांसफर किया।
बच्चों से सीधे संवाद में सीएम ने पूछा हेलीकॉप्टर में डर तो नहीं लगा
इस अवसर पर सीएम बघेल ने मेधावी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान नन्हें बच्चों की जिद पर हेलीकॉप्टर जॉय राइडिंग कराया गया। बघेल ने बच्चों से सीधे संवाद करते हुए पूछा कि हेलीकॉप्टर में बैठने से किसी को डर तो नहीं लगा, सभी बच्चों ने सामूहिक रूप से कहा कि बिल्कुल भी डर नहीं लगा। मुख्यमंत्री ने सभी बच्चों की प्रशंसा करते हुए बताया कि अधिकारियों ने सभी बच्चों को एक साथ हवाई जहाज में सफर कराने की सलाह दी थी, लेकिन मैंने बच्चों की जिद को ध्यान में रखते हुए हेलीकॉप्टर में ही जॉय राइडिंग कराने का फैसला लिया।
पालकों के साथ ये रहे मौजूद
समारोह में संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव, विधायक संतराम नेताम, देवेन्द्र यादव, श्रीमती अनिता शर्मा सहित स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, संचालक लोक शिक्षण सुनील जैन, प्रबंध संचालक समग्र शिक्षा नरेन्द्र दुग्गा, सचिव माध्यमिक शिक्षा मंडल प्रोफेसर व्हीके गोयल सहित मंडल के सदस्य और प्रतिभावान छात्र-छात्राओं के माता-पिता भी उपस्थित थे।
