रियल एस्टेट सेक्टर में विदेशी निवेश बढ़कर 23.9 अरब डॉलर पहुंचा

by sadmin
Spread the love

मुंबई । देश के रियल एस्टेट सेक्टर में विदेशी निवेश 2017 से 2021 के दौरान इससे पिछले पांच वर्षों की तुलना में तीन गुना से अधिक बढ़कर 23.9 अरब डॉलर पर पहुंच गया। रियल एस्टेट परामर्श कंपनी कोलियर्स और इंडस्ट्री बॉडी फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्‍ट्री (फिक्की) ने अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी। कोलियर्स ने भारतीय रियल एस्टेट में विदेशी निवेश पर अपनी रिपोर्ट में कहा कि वैश्विक निवेशकों ने 2016 में नियामक सुधारों से उत्साहित देश के जमीन-जायदाद क्षेत्र में निवेश को लेकर रूचि दिखाई है। कंपनी ने कहा ‎कि विदेशी निवेशकों ने 2017 से देश में अधिक उम्मीद के साथ निवेश करना शुरू किया है। इससे पहले विदेशी निवेशक भारत के रियल एस्टेट इंडस्ट्री में पारदर्शिता की कमी के कारण निवेश करने से बचते थे। आंकड़ों के अनुसार देश के रियल एस्टेट सेक्टर में 2017 से 2021 की अवधि के दौरान विदेशी निवेश बढ़कर 23.9 अरब डॉलर हो गया, जो 2012 से 2016 की अवधि के बीच 7.5 अरब डॉलर था। वहीं भारतीय अचल संपत्ति क्षेत्र में 2012 से 2021 के दौरान कुल निवेश बढ़कर 49.4 अरब डॉलर हो गया। इसमें विदेशी निवेशकों की हिस्सेदारी 64 फीसदी है। इसके अलावा भारतीय रियल एस्टेट में विदेशी निवेशकों की हिस्सेदारी 2017-2021 के दौरान बढ़कर 82 प्रतिशत हो गई, जबकि इससे पिछले पांच साल की अवधि में यह 37 फीसदी थी। परामर्श कंपनी के अनुसार विदेशी निवेश में अमेरिका और कनाडा से निवेश का हिस्सा 2017 के बाद से प्रत्येक वर्ष 60 फीसदी से अधिक रहा है।

 

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!