दवा लेने गए युवक पर चाकू से हमला, अस्पताल में मौत… दवा लेने गया था युवक

by shorgul
Spread the love

कोरबा। पुरानी रंजिश में बीती रात एक युवक की हत्या कर दी गई। सीएसईबी चौकी क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। दरअसल युवक दवा लेने गया था इस दौरान पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों ने उसे रोका और सुनसान जगह पर ले जाकर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना का मुख्य आरोपी फरार बताया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार घटना सीएसईबी चौकी क्षेत्र में रात करीब 12:30 बजे घटित हुई। बताया जा रहा है कि भैंस खटाल निवासी शुभम साहू दवाई लेने गया था, जहां उसकी मुलाकात ढोढ़ीपारा में रहने वाले रिक्की यादव और प्रभाकर से हुई। दोनों बदमाश शुभम को अपने साथ बस्ती के समीप ही स्थित नहर पुल की ओर ले गए। जहां किसी बात को लेकर हुए विवाद पर रिक्की और प्रभाकर ने शुभम के ऊपर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से भाग निकले। इसकी जानकारी बस्तीवासियों ने पुलिस को दी। पुलिस चौकी प्रभारी नवीन पटेल अपनी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और घायल युवक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया। जहां युवक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने प्रभाकर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी रिक्की फरार है जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!