गरियाबंद। फिंगेश्वर ब्लॉक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के तहत जेंडर प्रशिक्षण के नाम पर शासकीय राशि में बड़ी गड़बड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। जिला प्रशासन से इसकी शिकायत की गई है। शिकायत में जानकारी दी गई है उस आधार पर संबंधित एसी और पीआरपी जांच के दायरे में आ गए हैं। शिकायत में बताया गया है कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान (एनआरएलएम) योजना के तहत फिंगेश्वर ब्लॉक के सुरभि महिला कलस्टर संगठन बासीन का मामला है। इसके अंतर्गत ग्राम रक्सा के शीतला माता स्व सहायता समूह में जेंडर FNHW प्रशिक्षण के लिए योजना में स्टेशनरी खर्च के लिए समूह के खाता क्रमांक 77040573472 में 9-2 -2022 को 9 लाख 31 हजार रुपए प्राप्त हुआ था।
शिकायत में बताया गया है कि समूह में इस राशि के एवज में किसी भी तरह के आजीविका मिशन के कार्य संचालित नहीं हैं। जेंडर प्रशिक्षण के नाम पर इस बात को लेकर शिकायत हुई है। जानकारी दी गई कि पीआरपी और एसी द्वारा गलत तरीके से फर्जी बिल पेश कर राशि की मांग की गई है। इस प्रशिक्षण में जो राशि खर्च हुई है, उससे अधिक राशि की मांग कर निकाल ली गई है।

मामले की शिघ्र जांच हो
शिकायत में जिला प्रशासन से सुरभि कलस्टर संगठन ने निष्पक्ष जांच की मांग की है, जिससे शासकीय राशि का गबन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। इस संगठन की सीआरए0पी कार्यकर्ता हेमीन साहू, हेमलता सिन्हा ने जिला प्रशासन और सीईओ जिला पंचायत को शिकायत पत्र सौंपते हुए शीघ्र जांच करने की मांग की है।
राशि कलस्टर संगठन में देनी थी
उल्लेखनीय है कि इस गड़बड़ी में संबंधित अनेक लोग शामिल हैं। संगठन के महिला सदस्यों का कहना है कि प्रशिक्षण की राशि कलस्टर संगठन में देने के बजाय स्व-सहायता समूह के खातों में राशि गड़बड़ी करने की नियत से डाल दी गई। इसके बाद जमकर इस राशि का दुरुपयोग किया गया है। इसकी जांच होने से मामले का खुलासा होगा और दोषी बेनकाब होंगे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जेंडर प्रशिक्षण के नाम पर शासकीय राशि की अनेक लोगों ने बंदरबांट की है जिसका कोई हिसाब नहीं है, बिल वाउचर पेश किया गया वह भी फर्जी है।
शिकायत हुई है, जांच की जाएगीः डीपीएम रमेश वर्मा
इस संबंध में जिला पंचायत के डीपीएम रमेश वर्मा ने कहा है कि शिकायत हुई है, इसकी जल्द जांच होगी। उन्होंने बताया जेंडर प्रशिक्षण को लेकर बताया कि महिलाओं में घरेलू हिंसा और सशक्तिकरण को लेकर जेंडर प्रशिक्षण किया जाता है।
