जांजगीर-चांपा। जिले के सारागांव क्षेत्र में जमीन विवाद में भाई को भाइयों ने ही राड, लाठी से पीट-पीट कर हत्या कर दी है। पुलिस ने मृतक के छोटे भाई की शिकायत पर मामले में 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
घटना के संबंध में पुलिस से मिली जानकारी अनुसार गोविन्दा सूर्यवंशी अपने बड़े भाई मृतक बोटलाल सूर्यवंशी के साथ अंत्येष्टि में शामिल होने गया था। दोनों ग्राम पचेड़ा से अपने घर सारागांव आ रहे थे। इसी दौरान शाम 7.30 बजे सारागांव चमरी तालाब पार, सामुदायिक भवन के सामने बड़े भाई बोटलाल सूर्यवंशी को उनके बड़े पिता के लड़के भुनेश्वर सूर्यवंशी, बुद्धेश्वर उर्फ मुन्ना सूर्यवंशी, मनेाज, विनोद, सविता अम्बिका बाई, दिलीप, प्रताप सूर्यवंशी, राजेश सूर्यवंशी ने घेर लिया।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों ने एक साथ बोटलाल सूर्यवंशी पर हमला कर दिया। वे बोटलाल के हिस्से की जमीन पर ईंटा मिट्टी का मलबा रख दिया था जिसे हटाने की बात पर सभी आरोपियों ने बोटलाल सूर्यवंशी को जान से मारने की नीयत से लाठी, रॉड से प्राणघातक हमला कर दिया जिससे बोटलाल के सिर, चेहरा सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आई। उपचार के दौरान बोटलाल की मौत हो गई।
थाना सारागांव में मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। प्रकरण की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए आरोपी भुनेश्वर सूर्यवंशी, बुद्धेश्वर सूर्यवंशी, मनोज सूर्यवंशी, विनोद सूर्यवंशी, सविता सूर्यवंशी, अम्बिका बाई सूर्यवंशी, दिलीप सूर्यवंशी सभी निवासी सारागांव प्रताप सूर्यवंशी, राजेश सूर्यवंशी दोनों निवासी ग्राम भदरा सिवनी, थाना चांपा को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
