सीएम ने दिखाई तल्खी.. कहा- 3 माह में सुधार लें सड़कें

by sadmin
Spread the love

सीएम भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ में आगामी 3 माह यानी दिसंबर माह तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। सीएम ने राज्य में कई जगहों पर खराब सड़कों की शिकायतों पर सख्त रवैया अपनाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सड़कों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। मुझे खस्ताहाल सड़कों को लेकर कोई शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। इसके लिए उन्होंने कलेक्टरों को नोडल अधिकारी के रूप में काम करने को कहा है। 

कलेक्टर कांफ्रेंस के दूसरे दिन आज सीएम बघेल ने लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने राज्य के कई स्थानों पर खराब सड़कों की शिकायतों पर तल्ख रूख दिखाया। उन्होंने खराब सड़कों को शीघ्र बनाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने 6181 किलोमीटर की सड़कों पर तत्काल पैचवर्क करके ठीक करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कड़े शब्दों में कहा कि दिसंबर 2022 तक राज्य की सड़कों को गड्ढामुक्त करें। सड़क मरम्मत के लिए बजट की कोई कमी नहीं आएगी। 

सड़कों की मरम्मत की मॉनीटरिंग कलेक्टर खुद करें

उन्होंने अफसरों को निर्देशित किया कि खराब सड़कों की मरम्मत की कलेक्टर स्वयं मॉनीटरिंग करें। सीएम ने सख्त लहजे में हिदायत देते हुए कहा कि, दौरे पर जाऊंगा तो खराब सड़कों की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। सड़क हर हाल में बनना चाहिए। सड़क किसी भी विभाग की हो, मुझे कोई बहाना नहीं चाहिए। सीएम ने इस विषय पर दुबारा चर्चा नहीं करने की बात की। 

 

 

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!