भाजपा गुरुवार को धमतरी जिले के गंगरेल में मिशन 2023 का रोड मैप बनाएगी। पार्टी के प्रमुख 25 लोगों की यह बैठक एक्शन प्लान तैयार करने के लिए बुलाई गई है। भाजपा इस बैठक को गोपनीय तरीके से कर रही है। इसमें चुनिंदा पदाधिकारियों को ही मीटिंग में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। बताया जा रहा है कि इस बैठक के बाद पार्टी प्रदेश में पूरी तरह से एक्शन मोड में आ जाएगी।
इसमें भाजपा के चुनावी रणनीतिकार माने जाने वाले राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश के साथ ही क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और प्रदेश सह प्रभारी नितिन नवीन भी बैठक में मौजूद रहेंगे। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश गुरुवार को राजधानी पहुंचे। जबकि अजय जामवाल 3 अक्टूबर को ही राजधानी पहुंच चुके हैं।
बैठक में तय होंगे आगामी विधानसभा चुनाव के मुद्दे
भाजपा की इस गोपनीय बैठक में पार्टी के अगले तीन महीने की कार्ययोजना बनेगी। किन मुद्दों के साथ जनता के बीच जाना है, इस पर मंथन होगा। प्रदेश के वे बड़े मुद्दे जो कांग्रेस के जनघोषणा पत्र में तो शामिल हैं लेकिन अब तक पूरे नहीं हुए हैं। उन पर भी चर्चा की जाएगी। बताया जा रहा है कि बैठक में प्रदेश के केवल 20- 25 वरिष्ठ नेता ही शामिल होंगे। इसमें भाजपा के कोर ग्रुप के नेताओं के साथ ही प्रदेश कार्यसमिति व प्रदेश पदाधिकारी में से चुनिंदा नेताओं को बैठक में शामिल होने के लिए बुलाया गया है।
इन मुद्दों पर होगी बात
प्रधानमंत्री आवास, शराबबंदी, धर्मांतरण, आदिवासी आरक्षण, बिगड़ती कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर पार्टी वरिष्ठ नेताओं के साथ मंथन करेगी। उनके विचार जानने की कोशिश करेगी। बता दें कि बैठक में शामिल वरिष्ठ नेताओं के पास कई चुनावों को लडऩे और संचालन का अनुभव है। ऐसे में उनके फीडबैक के अनुसार ही एक्शन प्लान तैयार होगा।
