बाढ़ के हालात पर बैठक के दौरान सो गए मंत्री जी, कांग्रेस ने फोटो शेयर कर कसा तंज

by sadmin
Spread the love

बेंगलुरु । कर्नाटक में लगातार हो रही वर्षा के कारण कई जिलों में स्थिति बेकाबू हो गई है। राजधानी बेंगलुरु में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। लोग दफ्तर पहुंचने के लिए ट्रैक्टरों का सहारा ले रहे हैं। इसी बीच, कर्नाटक की बसवराज बोम्मई सरकार में मंत्री आर अशोक का एक फोटो वायरल हो रहा है। इस फोटो में वह सोते हुए दिखाई दे रहे हैं, इस फोटो को कर्नाटक कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से शेयर किया गया है।
कांग्रेस की तरफ से दावा किया जा रहा है कि एक महत्वपूर्ण मीटिंग के दौरान आर अशोक सो रहे थे। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को राज्य सरकार ने बाढ़ को लेकर एक मीटिंग बुलाई थी। कांग्रेस का कहना है कि इसी बैठक के दौरान मंत्री जी सो गए थे।
कर्नाटक कांग्रेस ने फोटो ट्वीट कर तंज कसा है। ये ट्वीट कन्नड़ भाषा में किया गया है। इस तस्वीर में राज्य के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई भी मीटिंग में मौजूद हैं। कांग्रेस ने कहा कि डूबने वाले कई तरह के लोग होते हैं। राज्य के लोग बारिश में डूब रहे हैं। मंत्री नींद में डूबे हुए हैं। सीएम बोम्मई ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बाढ़ प्रभावित जिलों को लेकर जिला कलेक्टरों की बैठक बुलाई थी।
भारी बारिश के कारण बेंगलुरु में हालात सबसे ज्यादा खराब है। कई इलाकों में जलजमाव हो गया है। यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। राजधानी में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। बाढ़ की स्थिति को लेकर बोम्मई ने पहले की कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। बोम्मई ने कहा कि बेंगलुरु में अभूतपूर्व बारिश हुई है। इस तरह की बारिश पिछले 90 सालों में नहीं हुई है। सभी टैंक भरे हुए हैं और वे ओवरफ्लो हो रहे हैं। यह पिछली कांग्रेस सरकार के कुशासन और पूरी तरह से अनियोजित प्रशासन के कारण हुआ। यह कांग्रेस सरकार के खराब प्रशासन का परिणाम है।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!