दिल्ली में भाजपा के ऑपरेशन लोटस को उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी ने फेल कर दिया : संजय सिंह

by sadmin
Spread the love

नई दिल्ली । आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली में भाजपा के ऑपरेशन लोटस को उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी ने फेल कर दिया। भाजपा अब विलाप कर रही है कि उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ऑपरेशन लोटस को ऑपरेशन बोगस बना दिया है। सीबीआई-ईडी का दबाव बना कर दिल्ली सरकार को गिराने की कोशिश थी, जिसे आंदोलन की कोख से निकली ‘आप’ ने फेल कर दिया। क्या ईडी और सीबीआई सिर्फ सरकार गिराने और तोड़फोड़ करने वाली एजेंसी बन गई है, जो भाजपा के इशारे पर नाचेगी? प्रधानमंत्री मोदी के लिए शराब नीति मुद्दा नहीं है। उनके लिए केजरीवाल की बढ़ती लोकप्रियता मुद्दा है। नरेंद्र मोदी और भाजपा से कहना चाहता हूं कि ना अब आपसे अरविंद केजरीवाल रुकने वाले हैं और ना ही शिक्षा-स्वास्थ्य का मॉडल रुकने वाला है।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने आज पार्टी मुख्यालय में महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता को संबोधित किया। सांसद संजय सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कल से रो रही है कि उनका ऑपरेशन लोटस दिल्ली में ऑपरेशन बोगस बन गया है। उनके ऑपरेशन लोटस को मनीष सिसोदिया ने और आम आदमी पार्टी ने फेल कर दिया है। भाजपा ने जे प्रयोग महाराष्ट्र में शिंदे के ऊपर किया था, वह प्रयोग मनीष सिसोदिया ने दिल्ली में फेल कर दिया है। इसलिए पूरी की पूरी भाजपा विलाप कर रही है।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, कर्नाटक, गोवा, मेघालक्ष में प्रयोग सफल हो गया था। असम में हेमंत बिश्व शर्मा और पश्चिम बंगाल में मुकुल राय की ईडी जांच करा कर उनको तोड़ने में सफलता मिल गई थी। मुकुल राय को भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी बना दिया गया था।  लेकिन दिल्ली में पूरी की पूरी भाजपा रो रही है कि ऑपरेशन लोटस ऑपरेशन बोगस बन गया है। दिल्ली में कुछ नहीं कर पाए।
सांसद संजय सिंह ने कहा कि भाजपाइयों इधर-उधर की बात मत करो। तुम्हारी ईडी सीबीआई की जांच सिर्फ एक दिखावा और दबाव बनाने की कोशिश थी। दिल्ली की सरकार को गिराने का नापाक इरादा था। जिसको आम आदमी पार्टी और मनीष सिसोदिया ने फेल करने का काम किया है। भाजपा को जितना ईडी-सीबीआई का इस्तेमाल करना है, गिरफ्तारी की कोशिश करनी है, दिल्ली सरकार को गिराने की कोशिश करनी है, वह आप करके देख लीजिए। इसमें सफलता मिलने वाली नहीं है। क्योंकि यह आम आदमी पार्टी आंदोलन की कोख से निकली हुई पार्टी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार शराब नीति पर ड्रामा कर रही है और गुजरात में जहरीली शराब से 100 से ज्यादा लोग मर गए। उसका जवाब आज तक किसी भी भाजपा नेता ने नहीं दिया। इस मामले में क्यों ईडी-सीबीआई की जांच नहीं की गई। कर्नाटक में माइनिंग में बीएस येदियुरप्पा ने हजारों करोड़ का घोटाला किया। इसके अलावा व्यापम में हजारों करोड़ का घोटाला हुआ। इसमें कितने भाजपा के नेता जेल में गए और कार्रवाई हुई? डीएचएफएल ने 42 हजार करोड़ का घोटाला किया और भाजपा को 29 करोड़ का चंदा दिया। कितने भाजपा के नेताओं पर कार्रवाई हुई? क्या ईडी और सीबीआई सिर्फ सरकार गिराने और तोड़फोड़ करने के लिए एजेंसी बन गई है, जो भाजपा के इशारे पर नाचेगी?
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने कहा कि यह हम दिल्ली में बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसलिए जो काम अब तक भाजपा ने अलग-अलग राज्यों में सरकारों को तोड़फोड़ करने का किया है, उसका जवाब दो? यह ऑपरेशन लोटस जो ऑपरेशन बोगस बन गया, इसका जवाब दो? क्यों मनीष सिसोदिया के ऊपर सरकार तोड़ने के लिए दबाव बना रहे थे। भाजपा में शामिल होने के लिए ईडी सीबीआई के जरिए उन पर क्यों दबाव बना रहे थे कि दिल्ली सरकार गिरा दी जाए। अब क्या पूरे देश में यही करना चाहते हो। अब तुम्हारी तानाशाही दिल्ली के अंदर हम नहीं चलने देंगे।
उन्होंने कहा कि पहले भी कहा था और अब भी कह रहे हैं कि मुद्दा शराब नीति नहीं है बल्कि मुद्दा केजरीवाल की बढ़ती हुई लोकप्रियता है। आखिर कैसे अरविंद केजरीवाल तीन बार दिल्ली जीत गए और पंजाब में प्रचंड बहुमत आ गया। कैसे गुजरात में लोकप्रियता बढ़ रही है और पूरे देश में भारत को दुनिया का नंबर वन देश का बनाने का मिशन सफलतापूर्वक चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कोशिश है कि अरविंद केजरीवाल, आम आदमी पार्टी और जनता को दी जाने वाली तमाम निशुल्क सुविधा को रोको। मैं नरेंद्र मोदी और भाजपा से कहना चाहता हूं कि ना अब आपसे अरविंद केजरीवाल रुकने वाले हैं और ना ही शिक्षा-स्वास्थ्य का मॉडल रुकने वाला है। हमने पहले भी कहा था और अब भी कह रहे हैं कि ना कोई भ्रष्टाचार हुआ था और ना है और ना ही कभी होगा। बहुत सारी जांच पहले भी करा चुके हैं। ऑपरेशन लोटस जो ऑपरेशन बोगस बन गया, उस पर भाजपा को जवाब देना चाहिए?

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!