सीएम भगवंत मान की एक विधायक-एक पेंशन योजना पर राज्यपाल की मोहर

by sadmin
Spread the love

चंडीगढ़ । पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने एक विधायक-एक पेंशन योजना को मंजूरी दे दी है। यह फाइल काफी समय से राज्यपाल के पास अटकी पड़ी थी। राज्यपाल की मंजूरी के बाद इस संबंध में गजट अधिसूचना जारी कर दी गई है। यह जानकारी खुद सीएम भगवंत मान ने ट्वीट कर दी। मान सरकार इस वर्ष 1 जुलाई को इस संबंध में विधानसभा में विधेयक लेकर आई थी। इसके बाद इस मंजूरी के लिए राज्यपाल को भेज दिया गया था। इस संबंध में अधिसूचना जारी होने के बाद अब राज्य में विधायक को एक ही पेंशन मिलेगी।
राज्य में अब तक हर कार्यकाल की अलग-अलग पेंशन मिलती थी। उदाहरण के लिए यदि कोई नेता पांच बार विधायक रहा, तब उस पांच पेंशन मिलती थी, लेकिन अब एक ही पेंशन मिलेगी। विधायकों की पेंशन के संबंध में अधिसूचना जारी होने के बाद अब विधायकों को उनका कार्यकाल पूरा होने के बाद 60 हजार रुपये पेंशन और डीए ही मिलेगा।
बता दें, इससे पहले दो मई को भगवंत मान कैबिनेट ने एक विधायक, एक पेंशन योजना को मंजूरी दी थी। इसके बाद फाइल राज्यपाल को भेज दी गई थी, लेकिन राज्यपाल ने यह कहते हुए फाइल लौटा दी थी कि इस संबंध में विधानसभा में बिल पेश किया जाए। इसके बाद भगवंत मान सरकार ने 1 जुलाई को विधानसभा में विधेयक पेश किया था।
पंजाब में विधायकों के पास एक से ज्यादा पेंशन जा रही थी। इसकारण सरकार पर 19.53 करोड़ का वित्तीय बोझ हर साल पड़ रहा था। कई पूर्व विधायक हैं, जिनकी पेंशन पांच लाख रुपये तक बन रही थी। सरकार के इस फैसले से हर साल खजाने पर करोड़ों रुपये का बोझ कम होगा।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!