कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में 125 सीटें जीतने के लिए उतारी दिग्गज नेताओं की फौज

by sadmin
Spread the love

अहमदाबाद | एक के बाद एक नेताओं के पार्टी छोड़ने के बावजूद कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है| कांग्रेस ने गुजरात विधानसभा चुनाव में 125 सीटें जीतने के लिए कमर कस ली है और इसके लिए दिग्गज नेताओं की फौज उतार दी है| साथ ही राज्य की 26 लोकसभा सीटों पर ऑब्जर्वर की नियुक्ति कर दी है और जल्द ही 5 कार्यकारी प्रमुखों की भी नियुक्ति करेगी| गौरतलब है गुजरात कांग्रेस में ना तो गुटबंधी खत्म हो रही है और ना ही पार्टी छोड़ने का सिलसिला थम रहा है| चुनाव निकट आते ही अब तक कांग्रेस के कई नेता भगवा धारण कर चुके हैं| जिसे लेकर कांग्रेस हाईकमांड पार्टी के गुजरात प्रभारी रघु शर्मा के कामकाज से नाराज है| आगामी गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने के लिए हाईकमांड ने प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व को आदेश देते हुए लोकसभा की 26 सीटों पर ऑब्जर्वर की नियुक्ति कर दी है| अब जल्द ही गुजरात कांग्रेस में पांच कार्यकारी प्रमुखों की नियुक्ति की जाएगी| गुजरात विधानसभा की सभी 182 सीटों पर कांग्रेस जन संपर्क अभियान चलाएगी| कांग्रेस हाईकमांड का मानना है कि पदाधिकारियों की घोषणा किए जाने के बाद भी संगठन को और मजबूत करने की जरूरत है| कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर मजबूत रणनीति बना रही है, लेकिन भाजपा का गढ़ मानी जाती सीटों पर समय से पहले उम्मीदवारों की घोषणा पर खामोश है| कुछ समय पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दावा करते थे कि जिन सीटों पर भाजपा मजबूत है और कांग्रेस बड़े अंतर से चुनाव हार जाती है, उन सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा समय से पहले ही कर दी जाएगी| ताकि उम्मीदवार को अपने क्षेत्र में काम करने का पूरा मौका मिले| गुजरात कांग्रेस के प्रभारी रघु शर्मा के मुताबिक उनकी पार्टी गुजरात विधानसभा चुनाव स्थानीय मुद्दों पर लड़ेगी और 2017 की तरह 2022 में भी मुख्यमंत्री पद के चेहरे का ऐलान नहीं करेगी|

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!