तपती गर्मी से अब अधिकांश राज्यों में लोगों को ‎मिली राहत

by sadmin
Spread the love

नई दिल्ली । भीषण गर्मी से अब अधिकांश राज्यों में लोगों को राहत मिलती हुई नजर आ रही है। कई राज्यों में प्री-मानसून बारिश जमकर हो रही है। वहीं कुछ दिनों के बाद बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ में भी मानसून प्रवेश कर जाएगा। इससे पूर्व अलग-अलग राज्यों में जमकर बारिश और आंधी का सबब देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में आईएमडी ने बताया है कि नॉर्थ ईस्ट इलाकों में तेज बारिश के होने के आसार हैं। वहीं असम व मेघायल में 2 जून से लेकर 4 जून तक भारी से भारी बारिश की संभावना है। वहीं मिजोरम और त्रिपुरा में 2 जून तक व अरुणाचल प्रदेश में 4 जून के बीच में तेज बारिश होगी। इसके अलावा बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान की स्थिति रहेगी। स्काई मेट वेदर की रिपोर्ट के अनुसार हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। उत्तराखंड, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश व ओडिशा में भी बुधवार को बारिश हो सकती है। दक्षिण भारत में मानसून आगे बढ़ तो रहा है, लेकिन इसकी रफ्तार में मामूली कमी आई है। पिछले 24 घंटों के दौरान, लक्षद्वीप, अंडमान निकोबार द्वीप समूह और केरल में हल्की से मध्यम बारिश हुई। कहीं-कहीं पर भारी बारिश दर्ज की गई।
आईएमडी ने बुलेटिन में बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरे केरल पर छा गया है। कर्नाटक व तमिलनाडु के कुछ हिस्सों और दक्षिण-पश्चिम के कई इलाकों में आगे बढ़ा है। अरब सागर से आ रही मानसूनी हवाओं के असर से केरल, लक्षद्वीप में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। अगले पांच दिनों में कर्नाटक में छिटपुट से लेकर भारी बारिश हो सकती है। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी में भी छिटपुट बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू कश्मीर और हिमाचल में एक पश्चिमी विक्षोभ बन गया है, जिसके असर से अगले तीन दिनों के दौरान इन राज्यों में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान से हरियाणा, यूपी, बिहार तक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके असर से हरियाणा, दिल्ली और वेस्ट यूपी में गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान भी इनमें से कई जगहों पर धूल भरी आंधी और बारिश देखी गई।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!