धमधा में ट्रांसफार्मरों की समस्याएं उठाई पार्षदों ने, कहा लोड बढ़ा, इसके मुताबिक अपडेट नहीं

by sadmin
Spread the love

बूढ़ा तालाब को शासकीय करने की भी उठाई माँग

दुर्ग / कलेक्टर डा. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने आज धमधा नगर पंचायत में पार्षदों से नगर की समस्याओं तथा जरूरी विकास कार्यों के संबंध में चर्चा की। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता गुप्ता एवं उपाध्यक्ष श्री अशोक कसार भी उपस्थित थे। कलेक्टर ने शहर में पेयजल की स्थिति के संबंध में जानकारी ली। अधिकतर वार्डों में पेयजल की स्थिति संतोषप्रद पाई गई। पार्षदों ने मुख्य समस्या ट्रांसफार्मरों की रखी। उन्होंने बताया कि शहर में लोड बढ़ गया है और ट्रांसफार्मर इसके मुताबिक अपडेट नहीं है। पुराने ट्रांसफार्मरों की जगह नये ट्रांसफार्मर लगाये जाएं ताकि बिजली गुल होने की दिक्कत नहीं आये। कलेक्टर ने कहा कि इस संबंध में विद्युत विभाग को निर्देशित कर दिया जाएगा। बैठक में धमधा के तालाबों की चर्चा भी की गई। पार्षदों ने कहा कि धमधा में तालाबों को अतिक्रमण से मुक्त करने का काम प्रशासन ने बहुत अच्छा किया है और मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने भी अपने भ्रमण में तालाब सौंदर्यीकरण की जो घोषणा की है उससे लोगों में खुशी है। धमधा तालाबों की नगरी है और इसे अपनी पुरानी पहचान वापस मिल गई है। पार्षदों ने बैठक में बूढ़ा तालाब को शासकीय करने की मांग भी कलेक्टर के समक्ष रखी। कलेक्टर ने गौठान की स्थिति की जानकारी भी ली। अधिकारियों ने बताया कि आंधीतूफान के कारण गौठान को क्षति हुई है। कलेक्टर ने इस पर गौठान में टीन का शेड लगाने के निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गोबर खरीदी नियमित रूप से जारी रहना चाहिए। पार्षदों से अपनी बात रखते हुए कलेक्टर ने कहा कि यह देखना जरूरी है कि शासकीय योजनाओं का लाभ सभी पात्र हितग्राहियों को मिले। जिन पात्र हितग्राहियों को भी अब तक इसका लाभ नहीं मिला है। उन्हें इसका त्वरित लाभ दिलाएं। उन्होंने कहा कि आज की बैठक का उद्देश्य धमधा क्षेत्र की जरूरतों को जानना था। बैठक में महत्वपूर्ण अपडेट मिले और इसके मुताबिक धमधा की विकास योजनाओं को प्लान किया जाएगा। कलेक्टर ने नवनिर्मित अस्पताल की स्थिति की जानकारी ली। पार्षदों ने बताया कि अस्पताल के सर्वसुविधायुक्त होने का काफी लाभ शहर के नागरिकों को मिल रहा है और यह अच्छी सुविधा सरकार ने हमें दी है। कलेक्टर ने कहा कि इंग्लिश मीडियम स्कूल का भवन भी तेजी से तैयार किया जा रहा है। स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूलों के माध्यम से अंग्रेजी शिक्षा की बेहतर व्यवस्था भी नागरिकों को मिल सकेगी। बैठक में एसडीएम श्री बृजेश क्षत्रिय भी मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!