बहुमत की सरकार न बनी तो निर्दलीयों की मदद लेगी भाजपा

by sadmin
Spread the love

पणजी। यूपी समेत 5 राज्यों के चुनावी नतीजे 10 मार्च को आने वाले हैं। इनमें गोवा भी शामिल है। गोवा में विधानसभा की 40 सीटें हैं। इन 40 सीटों पर 14 फरवरी को मतदान हुए थे। सभी पार्टियों ने गोवा में पूरी ताकत से चुनाव लड़ा है। हालांकि वहां मुख्य मुकाबला अब तक कांग्रेस और भाजपा के बीच ही हुआ करता था। लेकिन इस बार के चुनाव में तृणमूल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के एंट्री ने यहां के मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। गोवा को लेकर तमाम एग्जिट पोल भी आ गए हैं। एग्जिट पोल की माने तो गोवा में किसी को पूर्ण बहुमत नहीं मिल रहा है। हालांकि कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर सकती हैं। भाजपा भी बहुत ज्यादा पीछे नहीं है। सरकार बनाने में भाजपा या फिर कांग्रेस 2-3 सीटों से पीछे रह सकती हैं।
दूसरी ओर खबर यह भी है कि भाजपा ने गोवा में बहुमत ना मिलने के बावजूद भी सरकार कैसे बने, इसको लेकर अपनी तैयारी शुरू कर दी है। गोवा को लेकर भाजपा की एक बड़ी बैठक में हुई थी। इन सबके बीच गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि कल नतीज़ों का दिन हैं। भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार आ जाएगी। अगर एक दो सीट कम पड़ेगी तो हमें विश्वास है कि ऐसी स्थिति में जो निर्दलीय है, उनका सहयोग हमें मिलेगा। हाल में ही प्रमोद सावंत दिल्ली भी पहुंचे थे जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के भी कई मायने निकाले जा रहे हैं। ज्यादातर एग्जिट पोल ने गोवा में कांग्रेस को बड़ी पार्टी के रूप में दिखाया है। एबीपी-सी वोटर के मुताबिक भाजपा 13 से 17 सीटें जीत सकती है जबकि 12 से 16 सीटें कांग्रेस को मिलती हुई दिखाई दे रही है। अन्य के खाते में 5 से 11 सीटें जा सकती हैं। आज तक माईऐक्सेस इंडिया के मुताबिक गोवा में भाजपा 14 से 18 सीटें, कांग्रेस 15 से 20 सीटें और अन्य के खाते में 2 से 9 सीटें जा सकती हैं। टाइम्स नाउ और न्यूज24 टुडे चाणक्य ने भाजपा को 14 सीटें, कांग्रेस को 16 सीटें और आम आदमी पार्टी को 4 सीट, अन्य के खाते में 6 सीटें जाने का अनुमान जताया है। इंडिया टीवी सीएनएक्स की माने तो गोवा में भाजपा को 16 से 22 सीटें, कांग्रेस को 11 से 17 सीटें, आम आदमी पार्टी को 0 से 2 सीटें और अन्य को 5-7 सीटें मिल सकती हैं।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!