240 भारतीय छात्र घर को लौटे दिल्ली एयरपोर्ट पर लगाए भारत माता की जय के नारे

by sadmin
Spread the love

नई दिल्ली । यूक्रेन से 240 यात्रियों को लेकर एयर इंडिया की एक विशेष उड़ान दिल्ली पहुंची। उड़ान से आए सभी यात्री भारतीय हैं और अधिकांश पढ़ने व काम के लिए यूक्रेन में थे। टर्मिनल 3 पर जैसे ही विमान उतरा यात्रियों के इंतजार में खड़े भारतीय अधिकारियों ने उनका अभिनंदन किया। यात्रियों ने भी विजय चिन्ह दिखा व हाथ हिलाकर उनका धन्यवाद दिया। यात्रियों ने आते ही ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। जानकारी के मुताबिक एयर इंडिया का बोइंग 787 विमान यूक्रेन की राजधानी कीव से शाम छह बजे रवाना हुआ था। यह सुबह दिल्ली से गया था। रूस के साथ बढ़ते तनाव के बीच हजारों भारतीय यूक्रेन से स्वदेश लौटने का इंतजार कर रहे हैं। यात्रियों ने कहा कि वह दिल्ली आकर बेहद खुश व खुद को बेहद सुरक्षित महसूस कर रहें हैं। यूक्रेन में स्थिति बहुत तनावपूर्ण है क्योंकि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पूर्वी यूक्रेन में डोनेट्स्क और लुहान्स्क क्षेत्रों की स्वतंत्रता को मान्यता देने वाले एक डिक्री पर हस्ताक्षर किए हैं। दरअसल, केंद्र सरकार यूक्रेन में रह रहे भारत के विभिन्न राज्यों के भारतीय और छात्रों को यूक्रेन से भारत लौट आने की अपील कर चुकी है। 22, 24 और 26 फरवरी को इसके लिए विशेष उड़ानें चलाई जा रहीं हैं। दिल्ली हवाईअड्डे पर आधी रात के बाद यूक्रेन से आए यात्रियों के परिजन उनकी प्रतिक्षा करते दिखे। पहले से सूचना होने के चलते हवाईअड्डे पर आ रहे यात्रियों की जांच व अन्य प्रक्रिया पूरी करने के लिए कर्मचारी व सुरक्षा एजेंसी लगाई गई थी।
विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन ने रात लगभग 9.46 बजे कहा था कि विभिन्न राज्यों के करीब 250 भारतीय मंगलवार रात यूक्रेन से दिल्ली लौट रहे हैं। उन्होंने एक ट्वीट में कहा था कि यूक्रेन से लौटने वाले भारतीयों की मदद के लिए आने वाले दिनों में और अधिक उड़ानें परिचालित की जाएंगी।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!