डकैत गिरोह में जींस-शर्ट वाली 2 लेडी भी, भिंड के किसान को उठाया; चार थानों की पुलिस ने की सर्चिंग

by sadmin
Spread the love

भिंड. भिंड चंबल में एक बार फिर डकैत गिरोह ने दस्तक दी है। गिरोह में दो लेडी डकैत समेत 11 पुरुष हैं। ये लेडी डकैत जींस और शर्ट पहनती हैं। भिंड के एक किसान का सामना इस गिरोह से हो गया। वे किसान को उठाकर ले गए। जब किसान गिरोह के साथ चलने में असमर्थ रहा तो डकैत उसे छोड़कर आगे बढ़ गए। यह सूचना मिलने पर अटेर पुलिस दो घंटे बाद मौके पर पहुंची। पुलिस ने रात में फिर दिन भर सर्चिंग ऑपरेशन चलाया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। मामला शुक्लपुरा गांव का है।

55 वर्षीय किसान लल्लूराम शाक्य रविवार रात करीब साढ़े सात बजे अपने खेत में पहुंचा। यहां उसे दो युवक मिले। वे हथियारों से लैस थे। उन्होंने किसान को अपने साथ चलने को कहा। आगे चलकर दो महिला जींस-शर्ट पहने हुए 9 हथियारबंद डकैतों के साथ मिलीं। वे किसान को अपने साथ ले जाने लगे। कुछ दूर चलने पर पैरों से कमजोर किसान चलने में असमर्थता जाहिर करने लगा। गिरोह उसे तीन खेत आगे तक बीहड़ की ओर ले गए। जब किसान चल ही नहीं पाया तो डकैत उसे छोड़कर आगे बढ़ गए।

हालांकि, गिरोह के सदस्यों ने किसान के साथ कोई मारपीट या फिर अन्य तरह की पूछताछ नहीं की। गिरोह से मिलने के बाद भयभीत हो चुका किसान सीधे गांव में आया और अपने रिश्तेदार रामसेवक शाक्य को आपबीती सुनाई। इसके बाद यह जानकारी सरपंच पति और उसके बीजेपी मंडल अध्यक्ष को लगी। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। रात करीब साढ़े नौ से दस बजे के बीच पुलिस फोर्स गांव पहुंचा।

पहले भी दो बार गोलियां चला चुके हैं

किसान लल्लूराम के बेटे शिव सिंह ने बताया कि खेत पर फसल खड़ी हुई है। फसल और ट्यूबवेल की रखवाली के लिए पिता जी हर रोज खेत पर सोने जाते थे। वे उस दिन भी सोने गए थे। दो घंटे देरी से पुलिस आई। पिताजी ने घर आकर पूरे मामले की जानकारी दी थी। शिव सिंह का कहना है कि गांव में इससे पहले भी दो बार फायरिंग हो चुकी है। ये गिरोह पहले भी लोगों को मिल चुका है।

ढूंढती रही पुलिस

यह सूचना के बाद रात में पुलिस पहुंची। इस दौरान गोरमी फूप, सुरापुरा और अटेर का पुलिस बल पहुंच गया। अटेर एसडीओपी द्वारा किसान लल्लूराम के बयान लिए गए। इसके बाद पुलिस ने रात में सर्चिंग ऑपरेशन चलाया। दिन में भी पुलिस बीहड़ों में सर्चिंग अभियान चलाती रही। करीब आठ से दस किलोमीटर दूर तक सर्चिंग ऑपरेशन चलाया। पुलिस के हाथ कोई नहीं लगा।

गांव में दहशत फैली

सरपंच पति छोटे सिंह भदौरिया का कहना था कि गांव में हथियारों से लैस बदमाशों के घूमने की अब तक खबरें आ रही थीं। अब गांव के किए किसान को ये बदमाश मिल चुके हैं। गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। किसान काे बदमाश मिलने पर पुलिस द्वारा सर्चिंग अभियान चलाया गया। किसान लल्लूराम ने सभी को बताया कि दो महिला समेत 11 लोगों का गिरोह था।

सर्चिंग पर कोई नहीं मिला

ASP कमलेश खरपुसे का कहना है कि बदमाश आने की खबर आई थी। पुलिस ने किसान के बयान लिए। रात में सर्चिंग कराई गई। दिनभर सर्चिंग चली। अब तक कोई मूमेंट और साक्ष्य नहीं मिले।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!