रायगढ़ में बिजली टावर गिरने से 4 मजदूरों की मौत, कई घायल हुए मजदूर 

by sadmin
Spread the love

रायगढ़. रायगढ़ जिले में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। खरसिया के पास चपले और सेंद्रीपाली के बीच एक बिजली का टावर गिर गया। इस टावर पर लाइन मॉडिफिकेशन का काम किया जा रहा था। करीब 15 मजदूर इसके ऊपर, नीचे और आसपास थे। टावर गिरने से ऊपर चढ़े 4 मजदूरों की गिरने से मौत हो गई और बाकी घायल हो गए। नए बिजली टावर लगाने और हाईटेंशन तार के मॉडिफिकेशन का काम चल रहा है। शारदा कंस्ट्रक्शन कंपनी ने यहां इस काम का ठेका ले रखा है। दोपहर करीब 3 बजे यहां लाइन खींची जा रही थी। एक टावर से दूसरे टावर पर लाइन खींचने का काम चल रहा था। कंपनी के 4 मजदूर जिसमें खरसिया के गोविंद भुईया, युगल भुईया, सुरेश रविदास और झारखंड हजारीबाग का ईश्वर तुरी एक टावर में सबसे ऊपर थे। उनके नीचे सत्यप्रकाश राठौर और गोविंद पंडित थे। नीचे और करीब 10 मजदूर और थे।

इस टावर से तार दूसरे टावर तक खींचा जा रहा था। इसी समय टावर से कनेक्ट भारी तार अचानक झूलकर नीचे गिरा। उसके भार से टावर भी घूमा और नीचे गिर गया। टावर के बड़े-बड़े लोहे के गार्डर के नीचे मजदूर दब गए। ऊपर से नीचे गिरे गोविंद, युगल, सुरेश की मौके पर ही मौत हो गई। ईश्वर, सत्यप्रकाश, गोविंद और दूसरे करीब 10-12 मजदूरों को रायगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। वहां ईश्वर ने भी दम तोड़ दिया। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि बाकी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर है।

बिजली ट्रांसमिशन का काम देखने वाली कंपनी पावर ग्रिड ने एक बयान जारी कर कहा कि जिस टावर पर दुर्घटना हुई है वह हमारा नहीं है। वह टावर किसी निजी इंडस्ट्री के लिए लगाया जा रहा था। इस दुर्घटना के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शोक जताया है। उन्होंने रायगढ़ कलेक्टर को निर्देश दिए हैं कि सभी घायल मजदूरों को बेहतर से बेहतर इलाज कराया जाए और जो मृतक हैं उनके परिजनों को हर संभव सहायता दी जाए।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!