मुख्यमंत्री ने किया धरमपुरा क्रीड़ा परिसर का अवलोकन

by sadmin
Spread the love

बस्तर में मिलेगी खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधा

अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित हो रहा है धरमपुरा क्रीड़ा परिसर

अवलोकन के दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से मिलकर की उनकी हौसला अफजाई

रायपुर. बस्तर में मिलेगी खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधा

मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल ने आज अपने बस्तर प्रवास के दौरान जिला मुख्यालय जगदलपुर के धरमपुरा में बन रहे अंतर्राष्ट्रीय स्तर के क्रीड़ा परिसर का अवलोकन किया और निर्माण कार्यों को प्रगति की समीक्षा की। इस मौके पर बस्तर कलेक्टर श्री रजत बंसल ने मुख्यमंत्री को निर्माण कार्यों की विस्तार से जानकारी उपलब्ध करायी। मुख्यमंत्री ने क्रीड़ा परिसर में निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की जानकारी लेने के बाद बस्तर के खेल शिक्षकों से भी मुलाकात की।अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित हो रहा है धरमपुरा क्रीड़ा परिसरधरमपुरा क्रीड़ा परिसर का निर्माण अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप हो रहा है। क्रीड़ा परिसर को खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। क्रीड़ा परिसर में 400 मीटर के सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रेक का निर्माण अंतर्राष्ट्रीय मापदंडों के आधार पर हो रहा है। ट्रेक के निर्माण में विश्व के सबसे एडवांस मटेरियल का उपयोग हो रहा है। ट्रेक में इस्तेमाल होने वाला वी मैक्स नाम का मटेरियल स्विट्जरलैंड में निर्मित होता है।अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित हो रहा है धरमपुरा क्रीड़ा परिसरबस्तर जिले के धरमपुरा में 27 एकड़ क्षेत्र में अत्याधुनिक खेल परिसर को विकसित किया जा रहा है। इस खेल परिसर में 16 करोड़ 56 लाख की लागत से 4 बडे खेलों के लिए अलग-अलग मैदान तैयार किया जा रहे हैं। यहां पर एथलेटिक्स, तीरंदाजी, व्हालीबाल, हैंडबाल, खो-खो, कबड्डी के लिए इंडोर स्पोर्ट हॉल का भी निर्माण कार्य किया जा रहा है। क्रीड़ा परिसर में एक अलग खेल मैदान के साथ ही लॉन्ग जंप, हाई जंप के लिए भी अलग से स्थान सुरक्षित किया गया है ताकि इन खेलों के खिलाड़ियों को भी बेहतर खेल का मैदान मिल सके।
धरमपुरा क्रीड़ा परिसर में 7 करोड़ 46 लाख की लागत से 400 मीटर के 8 लेन एथलेटिक्स ट्रेक, 4 करोड़ 72 लाख की लागत से 200 मीटर के 6 लेन प्रैक्टिस एथलेटिक्स ट्रेक तथा तीरंदाजी सह ट्रेनिंग सेंटर तथा 4 करोड़ 38 लाख की लागत से मल्टीपर्पज इंडोर स्पोर्ट्स हॉल का निर्माण हो रहा है। इन निर्माणाधीन कार्यों के पूर्ण हो जाने पर बस्तर संभाग के खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खेल मैदान में खेलने का अनुभव मिलेगा और खिलाड़ियों के प्रदर्शन में भी निखार आएगा।
क्रीड़ा परिसर में तैयार हो रहे पैवेलियन में एक साथ 1550 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। यहां पर खेल देखने के लिए आने वाले दर्शकों के लिए पार्किंग की भी व्यवस्था की गयी है, जिसमें एक साथ 340 चार पहिया वाहनों की पार्किंग हो सकेगी। क्रीड़ा परिसर में एथलेटिक्स ट्रेक के निर्माण हो जाने से यहां पर ट्रेक एंड फील्ड के सभी स्पर्धाओं का आयोजन हो सकेगा।
छत्तीसगढ़ में ऐसा पहली बार हो रहा है कि एथलेटिक्स के 400 मीटर मेन ट्रेक के साथ ही 200 मीटर के वार्मअप सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रेक का निर्माण भी किया जा रहा है। वर्तमान में यह सुविधा छत्तीसगढ़ में सिर्फ बस्तर में ही उपलब्ध होगी।
इस अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री एवं उद्योग मंत्री श्री कवासी लखमा, सांसद बस्तर श्री दीपक बैज, बस्तर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री लखेश्वर बघेल, संसदीय सचिव श्री रेखचन्द जैन, महापौर श्रीमती सफीरा साहू, क्रेडा अध्यक्ष श्री मिथिलेश स्वर्णकार, मछुवा कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री एम आर निषाद, नगर निगम की सभापति श्रीमती कविता साहू, कलेक्टर श्री रजत बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री जितेंद्र मीणा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, खेल प्रशिक्षक एवं खेल जगत जे जुड़े लोग उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!