रायपुर में तीन लाख लोगों को घर बैठे मिला ड्राइविंग लाइसेंस

by sadmin
Spread the love

रायपुर । प्रदेश में परिवहन विभाग द्वारा नई सुविधा ‘तुंहर सरकार, तुंहर द्वार” के अंतर्गत पंजीयन प्रमाण पत्र और ड्राइविंग लाइसेंस सीधे आवेदक के घर पहुंच रहा है। इसके लिए अब आवेदकों को परिवहन कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। परिवहन विभाग ने पिछले चार माह में अब तक तीन लाख, तीन हजार 935 स्मार्ट कार्ड आधारित पंजीयन प्रमाण पत्र और ड्राइविंग लाइसेंस आवेदक के घर पहुंचाया है। इसमें एक लाख 85 हजार 436 पंजीयन प्रमाण पत्र और एक लाख 18 हजार 472 ड्राइविंग लाइसेंस हैं। परिवहन विभाग ने यह योजना इस साल चार जून को शुरू की थी।

परिवहन मंत्री मो. अकबर तुंहर सरकार, तुंहर द्वार के संचालन पर लगातार निगरानी रखे हैं। इस तारतम्य में उन्होंने विगत दिवस राजधानी के पंडरी स्थित केंद्रीकृत स्मार्ट कार्ड प्रिंटिंग केंद्र का निरीक्षण भी किया और वहां संचालित गतिविधियों का जायजा लिया। इस अवसर पर आयुक्त परिवहन टोेपेश्वर वर्मा, अपर परिवहन आयुक्त दीपांशु काबरा, संयुक्त परिवहन आयुक्त देवव्रत सिरमौर तथा सहायक परिवहन आयुक्त शैलाभ साहू समेत वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

परिवहन विभाग द्वारा संचालित तुंहर सरकार, तुंहर द्वार योजना लोगों की सुविधा के लिए एक महत्वपूर्ण योजना है। इसमें लोगों को परिवहन संबंधी 22 सेवाएं उनके घर के द्वार पर पहुंचाकर दी जा रही हैं। जन केंद्रित इस सुविधा के अंतर्गत लोगों को न अब बार-बार परिवहन विभाग के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं और न ही उन्हें कोरोना के भय का सामना करना पड़ रहा है।

हेल्पलाइन पर फोन कर ले सकते हैं जानकारी

सहायक परिवहन आयुक्त शैलाभ साहू ने बताया कि इस व्यवस्था को अधिक सुलभ बनाने के लिए विभाग द्वारा एक हेल्पलाइन नंबर 75808-08030 जारी किया गया है, जो सभी कार्य दिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5.30 बजे तक कार्य करते हुए जानकारी प्रदान करता है। आवेदक चाही गई जानकारी ई-मेल आइडी पर भी मेल भेजकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

उक्त हेल्पलाइन नंबर पर फोन करके आवेदक अपने ड्राइविंग लाइसेंस और पंजीयन प्रमाण पत्र के प्रेषण संबंधी समस्त जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। हेल्पलाइन नंबर पर रोजाना 125-150 काल आ रहे हैं, जिसमें मुख्य रूप से ड्राइविंग लाइसेंस और पंजीयन प्रक्रिया, टैक्स एवं फीस संबंधी जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!