स्पेन जा रही एक नौका पर एक महिला जीवित मिली, 52 के मरने की आशंका

by sadmin
Spread the love

लिस्बन। अटलांटिक सागर में एक डूबती छोटी नौका से बचाई गई एक मात्र महिला ने बचावकर्मियों को बताया कि एक सप्ताह पहले अफ्रीका से रवाना हुए इस जलयान में 53 प्रवासी थे।

स्पेन की समुद्री बचाव सेवा ने शुक्रवार को बताया कि डूब रही एक छोटी नौका से यह महिला चिपकी हुई थी और उसके समीप में एक मृत पुरुष और एक मृत महिला थी।

अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को स्पेन के कैनरी द्वीप के दक्षिण में 255 किलोमीटर की दूरी पर एक बड़े जहाज को छोटी नौका नजर आई और उसने स्पेन की आपात सेवा को इसकी सूचना दी।

इसके बाद यहां बचाव दल के पहुंचने पर महिला ने बचावकर्मियों को बताया कि यह नौका पश्चिम सहारा तट से रवाना हुई थी जिस पर आइवरी कोस्ट के यात्री थे।

अधिकारी ने विभाग के नियमानुसार अपनी पहचान उजागर न करने की शर्त पर बताया कि उसे महिला के स्वास्थ्य एवं उम्र के बारे में जानकारी नहीं है। संयुक्त राष्ट्र प्रवासन अंतरराष्ट्रीय संगठन के अनुसार 2021 की पहली छमाही में कैनरी द्वीप जाने के मार्ग में कम से कम 250 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

अटलांटिक क्षेत्र में मौतें असामान्य नहीं
प्रवासी भू-मार्ग या समुद्री मार्ग से यूरोपीय देशों में पहुंचने की कोशिश में अपनी जान गंवाने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यहां अक्सर अवैध रूप से भी प्रवासी छोटी नौकाओं में तादाद से काफी अधिक मात्रा में सवार होकर आते हैं। ऐसे में अटलांटिक क्षेत्र में मौतें कोई असामान्य बात नहीं है । यह सागर अफ्रीका के पश्चिमी तट और स्पेन के कैनरी द्वीपों को बांटता है।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!