जन्मदिन: किशोर कुमार ने की थीं चार शादियां, एक हीरोइन अब है मिथुन चक्रवर्ती की पत्नी

by sadmin
Spread the love

दक्षिणापथ. भारतीय सिनेमा के दिग्गज सिंगर किशोर कुमार का 4 अगस्त को जन्मदिन है। किशोर कुमार ने लगभग 1500 फिल्मों में गाने गए। आज भी उनके गानों को लोग बड़े चाव से सुनते हैं। एक बेहतरीन सिंगर होने के साथ-साथ किशोर कुमार एक लेखक, फिल्म निर्माता और स्क्रीनराइटर भी थे। लेकिन अपनी प्रोफेशनल जिंदगी की तरह ही उनकी निजी जिंदगी भी काफी चर्चा में रही। किशोर कुमार के जन्मदिन के खास मौके पर हम आपको इस आर्टिकल में उनकी जिंदगी से जुड़े कुछ दिलचस्प किस्से बताएंगे।

मध्यप्रदेश में हुआ था जन्म

किशोर कुमार का जन्म 4 अगस्त 1929 को मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में हुआ था। किशोर कुमार का असली नाम आभास कुमार था। लेकिन उन्हें उनके स्क्रीन के नाम किशोर कुमार से ही पहचान मिली। किशोर कुमार अपनी निजी जिंदगी में बहुत ही मस्तमौला किस्म के इंसान थे और साथ ही अभिन्न प्रतिभा के धनी थे। आज भले ही किशोर कुमार हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन लोगों के दिलों में उनकी यादें हमेशा जिंदा है।

1946 में की थी करियर की शुरुआत

दिग्गज सिंगर किशोर कुमार ने अपने करियर की शुरुआत साल 1946 में की थी। उन्होने फिल्म शिकारी से फिल्मों में कदम रखा था। इस फिल्म में उनके बड़े भाई ने अशोक कुमार ने मुख्य भूमिका निभाई थी। इसके अलावा दोनों ने भाई-भाई, दूर का राही, चलती का नाम गाड़ी और बंदी में साथ काम किया। ऐसा कहा जाता है कि राजेश खन्ना को सुपरस्टार बनाने में किशोर कुमार का बहुत बड़ा हाथ है।

किशोर कुमार ने की चार शादियां

भारतीय सिनेमा के दिग्गज कलाकार किशोर कुमार की प्रोफेशनल जिंदगी जितनी सफल रही उनकी निजी जिंदगी में उतनी ही उथल-पुथल रही। किशोर कुमार ने टोटल चार शादियां की थीं। उनकी चौथी शादी लीला चंद्रावरकर से हुई थी। बता दें कि किशोर कुमार अपनी चौथी पत्नी लीला चंद्रावरकर से लगभग 20 साल बड़े थे। चौथी शादी के वक्त उनकी उम्र 51 वर्ष थी। दोनों की मुलाकात ‘प्यार अजनबी है’ के सेट पर हुई थी। उनकी पहली शादी रुमा घोष दूसरी शादी मधुबाला, तीसरी शादी योगिता बाली और चौथी शादी लीला चंद्रावरकर से हुई थी। किशोर कुमार से अलग होने के बाद योगिता बाली ने मिथुन चक्रवर्ती से शादी की।

कभी नहीं ली संगीत की शिक्षा

किशोर कुमार ने फिल्मों से जुड़ने से पहले भी कभी भी संगीत की ट्रेनिंग नहीं ली थी। किशोर कुमार ने अपने करियर में सभी भाषाओं को मिलाकर 1500 से ज्यादा गाने गा चुके हैं। किशोर कुमार के भाई अशोक कुमार ने एक खास मीडिया बातचीत में बताया था कि किशोर कुमार बचपन में बेहद बेसुरे थे। अशोक कुमार के अनुसार किशोर कुमार की आवाज किसी फटे हुए बांस की जैसी थी, लेकिन फिल्म जगत में किशोर कुमार ने अपनी जो जगह बनाई उसके बाद इस चीज पर यकीन करना वाकई मुश्किल है।

भाई के 76वें जन्मदिन पर हुआ था निधन

किशोर कुमार अभिनेता अशोक कुमार के छोटे भाई थे। किशोर कुमार का निधन बड़े भाई अशोक कुमार के 76वें जन्मदिन पर हुआ था। कहा जाता है कि किशोर कुमार को फिल्म जगत में लाने वाले उनके बड़े भाई ही थे। सिर्फ 57 वर्ष की उम्र में किशोर कुमार ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया था। कहा जाता है कि किशोर कुमार अपने भाई से अधिक पैसे कमाना चाहते थे और उनका ये सपना पूरा हुआ क्योंकि किशोर कुमार 70 और 80 के दशक के सबसे महंगे सिंगर थे।

अंग्रेजी गानों के शौकीन थे किशोर कुमार

किशोर कुमार के बेटे अमित कुमार ने एक मीडिया बातचीत के दौरान बताया था कि उनके पिता अंग्रेजी गानों के बहुत शौकीन थे। उन्होने कहा ‘किशोर जी को अंग्रेजी ‘क्लासिक’ फिल्में देखने का शौक था। एक बार तो अमेरिका से वो ढेर सारी ‘वेस्टर्न’ फिल्मों की कैसेट ले आए’। इसके अलावा अगर वो किसी सिंगर के सबसे बड़े प्रशंसक थे तो वो थे केएल सहगल। किशोर कुमार हमेशा से उनकी तरफ सर्वश्रेष्ठ सिंगर बनना चाहते थे।

Related Articles

error: Content is protected !!