3 से 4 फीट का हो पौधा, चार दिन पहले गड्ढा खोद लें और निश्चित अनुपात में डालें खाद तब दीर्घायु होंगे पौधे

by sadmin
Spread the love

-फेसबुक लाइव में मुखातिब हुए डीएफओ धम्मशील गणवीर, बताया कैसे सही तरीके से लगाएं पौधे

दक्षिणापथ, दुर्ग। जिला प्रशासन द्वारा वन होम, वन ट्री अभियान आरंभ किया गया है। इस अभियान में छह जुलाई को बड़ी संख्या में हर घर पौधा लगाया जाएगा। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे के मार्गदर्शन में पिछले वर्ष भी काफी संख्या में पौधे लगाये गये थे। इस बार भी लोग पौधे लगाएं और पौधे उत्तरजीवी हों, इसके लिए डीएफओ धम्मशील गणवीर ने लोगों को फेसबुक लाइव के माध्यम से बताया कि किस तरह सही रूप से पौधा लगाएं। उन्होंने बताया कि एक से डेढ़ फीट का गड्ढा तैयार करें। गड्ढा बनने के बाद कुछ समय के लिए धूप पडऩी जरूरी है ताकि किसी तरह के कीड़े अथवा माइक्रोब्स हों तो वो समाप्त हो जाए। यह चार-पांच दिन के लिए होना चाहिए। दो से तीन फीट के पौधे लगाने चाहिए ताकि इनके बड़े होने में ज्यादा समय न लगे। चार फीट का पौधा हो तो और अच्छा है। उन्होंने हल्दू प्रजाति का तीन फीट का पौधा लगाकर दिखाया। गड्ढा करने के बाद एक तिहाई वर्मी कंपोस्ट, एक तिहाई मिट्टी और एक तिहाई गोबर खाद होना चाहिए। पौधे का कुछ भाग जड़ का होता है और कुछ भाग तने का होता है। कालर एरिया थोड़ा ऊपर होना चाहिए इसलिए थोड़े से हिस्से को मिश्रण से ढंक देना चाहिए। इसके बाद पालिथीन हटाकर पौधे को लगा देना चाहिए। पौधा ऐसे लगाना चाहिए कि जड़ों को किसी तरह की क्षति नहीं पहुँचे। फेसबुक लाइव के माध्यम से लोगों ने अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। अंत में डीएफओ श्री गणवीर ने अभियान को सफल बनाने हर घर में एक पौधा लगाने की अपील की।

Related Articles

error: Content is protected !!