इंडोनेशिया में भूकंप से तबाही, 42 की मौत 820 घायल, मामुजु में अस्पताल ढहने से मलबे में दबे मरीज

by sadmin
Spread the love

जर्काता । इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप में गुरुवार देर रात आए शक्तिशाली भूकंप के चलते 42 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 800 से अधिक लोग घायल हुए हैं। इंडोनेशिया में 6.2 की तीव्रता वाले भूकंप की वजह से सैकड़ों घर तबाह हो गए हैं। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। भूकंप को करीब सात सेकेंड तक महसूस किया गया। इंटरनेट वायरल हो रही तस्वीरों में द्वीप पर हर तरफ तबाही का मंजर दिखाई दे रहा है।
इस क्षेत्र में एक दिन पहले भी 5.9 की तीव्रता वाला भूकंप महसूस किया गया था। गुरुवार देर रात आए भूकंप के बाद 26 झटके महसूस किए गए। अधिकारियों के अनुसार, भूकंप का केंद्र पश्चिम सुलावेसी प्रांत के मामुजु में दस किलोमीटर की गहराई में था। गुरुवार देर रात करीब डेढ़ बजे भूकंप के तेज झटके महसूस होने पर हजारों लोग घरों से भागकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गए। भूकंप से 300 से ज्यादा घर एक अस्पताल और दो होटल क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
पश्चिम सुलावेसी प्रांत में 110,000 की आबादी वाले शहर मामुजु में एक अस्पताल भी भूकंप की चपेट में आ कर ढह गया है। मलबे के नीचे मरीज और अस्पताल के कर्मचारी फंसे हुए हैं। बचाव दल उन तक पहुंचने की कोशिश कर रहा है। एक अन्य अस्पताल और क्षेत्रीय गवर्नर के दफ्तर को भी नुकसान पहुंचा है। भूकंप की वजह से कुछ पुल भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके साथ ही बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई है। राष्ट्रीय आपदा राहत एजेंसी के अनुसार, माजीन और समीप के मामुजु जिले में 42 लोगों की जान गई है। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। राहत और बचाव कार्य जारी है। 820 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। और भूकंप आने की आशंका में करीब 15 हजार लोगों ने सुरक्षित स्थानों पर शरण ली है। भूकंप के चलते कई जगहों पर भूस्खलन की घटनाएं भी हुई।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!