लौदाबाजार। मतदाता जागरूकता के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय ने दाउ कल्याण कला एवं वाणिज्य स्नात्तकोत्तर महाविद्यालय में आयोजन किया। पहले कॉलेज सभागार में वक्ताओं ने मतदाताओं की महत्ता बताई। उसके बाद जागरूकता रैली निकालकर नगर भ्रमण किया गया।भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में वक्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया। मतदाता सूची में सभी पात्र लोगों के नाम जोड़ने, जुड़वाने सहित शत-प्रतिशत मतदान की महत्ता को समझाया। वक्ताओं ने कहा इसले सही जनप्रतितिनिधि एवं ईमानदार सरकार के गठन का रास्ता प्रशस्त होता है। लोकतंत्र मजबूत होगा।
अपर कलेक्टर ने दिखाई रैली को हरी झंडी
कॉलेज पाठशाला के बाद कॉलेज परिसर से जनजागरूकता के लिए शहर में साइकिल रैली निकाली गई। मुख्य अतिथि अपर कलेक्टर राजेन्द्र गुप्ता ने नीली झण्डी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस दौरान अपर कलेक्टर गुप्ता ने कहा कि राज्य में अगले साल 2023 में विधानसभा का चुनाव है। सभी पात्र लोग अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाएं। ऑनलाईन जुड़वाने के साथ मतदान केन्द्रों पर जाकर भी नाम जुड़वाया जा सकता है। इसकी प्रक्रिया बड़ी सरल है।
वोट के अधिकार का इस्तेमाल अवश्य करें
अधिकारी ने जानकारी दी कि मतदाता सूची में केवल नाम होना पर्याप्त नहीं है। यह तभी सार्थक होगा जब आप वोट के अधिकार का इस्तेमाल करेंगे। स्वीप कार्यक्रम की जिला नोडल अधिकारी एवं उप निर्वाचन अधिकारी रामरतन दुबे ने कहा कि मतदाता सूची में नाम रहने पर ही कोई नागरिक वोटिंग कर सकता है इसलिए पात्र व्यक्ति अभी से सुनिश्चित कर लें कि उनका नाम शामिल है अथवा नहीं। फार्म 6 में आवेदन देकर कोई भी पात्र व्यक्ति अपना नाम जुड़वा सकता है।
3 तिथियों में करा सकते हैं मतदाता सूची में नाम दर्ज
दुबे ने आगे बताया कि पहले 1 जनवरी को 18 साल पूर्ण करने वाले व्यक्ति अपना नाम वोटर लिस्ट में जुड़वा सकता था। साल में इसी तिथि को आधार माना जाता था लेकिन अब 4 तिथियां निर्धारित की गई हैं। अब 1 जनवरी के साथ ही 1 अप्रैल, 1 जुलाई एवं 1 अक्टूबर को 18 साल पूर्ण करने वाले व्यक्ति मतदाता सूची में नाम जोड़ने आवेदन कर सकते हैं।
प्राचार्य डॉ. उपाध्याय ने बताया स्वीप अभियान की जरूरत क्यों पड़ी
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एके उपाध्याय ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने स्वीप अभियान की जरूरत क्यों पड़ी, इस पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन नोडल अधिकारी नरेन्द्र देव मिर्झा ने किया। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर मिथलेश डोण्डे, मास्टर ट्रेनर केएस तिवारी, नायब तहसीलदार यशवंत राज, प्रोग्रामर ओमकार वर्मा, वाणिज्य विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. विमल गोविन्दानी सहित नगर के विभिन्न कॉलेजों के एनसीसी, एनएसएस के स्वयंसेवक सहित छात्र-छात्राएं, प्रोफेसर एवं नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
