पैसे के लेन-देन में प्रॉपर्टी डीलर का अपहरण, 10 लाख की मांगी फिरौती

by sadmin
Spread the love

बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में प्रॉपर्टी डीलर के अपहरण का मामला सामने आया है। उसके एवज में 10 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई है। सकरी थाना क्षेत्र के मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। इधर टीआई ने कहा कि पैसे के लेन-देन का मामला हो सकता है। पुलिस की जांच में सामने आया कि प्रॉपर्टी डीलर 5 दिन पहले अंबिकापुर गया था। जहां से वह फोन पर अपनी पत्नी को घर वापस आने की जानकारी दी थी। रात 11.30 बजे पति ने फोन पर बताया कि वह फंस गया है, उसका अपहरण कर बंधक बना लिया गया है। अपहरण करने वाले उसे छोड़ने के लिए 10 लाख रुपए की मांग कर रहे हैं। उसके बाद से पॉपर्टी डीलर का फोन बंद बता रहा है। अब तक उसका कुछ पता नहीं चल पा रहा है। 

सकरी थाना क्षेत्र की पुलिस ने पत्नी की शिकायत के बाद अपहरण का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सकरी क्षेत्र के आसमा सिटी निवासी वकील अंसारी प्रापर्टी डीलर हैं। उनकी पत्नी अकबरी खातुन (35) ने पुलिस को बताया कि उनके पति बीते 3 नवंबर को कार से अंबिकापुर अपने परिचित आरएस बागड़िया से मिलने के लिए गए थे। 

पुलिस को बताया कि 4 नवंबर की रात 8 बजे उसके पति ने मोबाइल पर बताया था कि वे घर लौट रहे हैं। इसके बाद रात 11 बजे भी कॉल कर सुबह तक घर पहुंचने की जानकारी दी। उसके आधे घंटे बाद कॉल आया और मोबाइल बंद हो गया।

अपहृत अंसारी की पत्नी ने पुलिस को कुछ ऑडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराया है, जिसे सुनकर पुलिस अंबिकापुर भी गई थी। वकील के दोस्त से पूछताछ कर पुलिस संदेहियों की जानकारी जुटाकर लौट आई है। बताया जा रहा है कि इस वारदात में एक संदेही अभिषेक अयाची व उसके अन्य साथियों का नाम सामने आया है। पुलिस को कुछ और भी संदेह है। पुलिस का कहना है कि प्रॉपर्टी डीलर का मोबाइल बंद-चालू की स्थिति बता रहा है। जांच में कई तथ्य सामने आ रहे हैं। उसके कुछ पुराने रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं, जिसके आधार पर पूरे मामले में पुलिस को प्रॉपर्टी डीलर पर भी शक हो रहा है।

मामले में अंबिकापुर में रहने वाले आरएस बागड़िया से भी बात की गई। उन्होंने पुलिस को जानकारी दी कि उनके पास भी वकील का फोन आया था, जिसमें उन्होंने पैसे के लेन-देन के नाम से संदेही अभिषेक व उसके साथियों के बंधक बनाने की बात कही थी। बागड़िया से जानकारी जुटाकर पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। जांच में लगे टीआई सागर पाठक ने बताया कि इस केस में महिला से मिले रिकॉर्डिंग के आधार पर अपहरण का केस दर्ज किया गया है। रिकॉर्डिंग में वकील अंसारी खुद बात कर रहा है। ऐसे में अपहरण के इस केस में खुद प्रॉपर्टी डीलर भी शक के दायरे में है। पुलिस उससे जुड़े हर पहलुओं की जांच कर रही है और वकील अंसारी के साथ ही संदेहियों की तलाश कर रही है।

Related Articles

Leave a Comment

error: Content is protected !!